रातीघाट में राष्ट्रीय क्रॉसबो शूटिंग प्रतियोगिता शुरू
पहाड़ पर राष्ट्रीय क्रॉसबो शूटिंग प्रतियोगिता शुरू हो गई है। इसमें विभिन्न राज्यों के करीब 92 शूटर हिस्सा ले रहे हैं। अलग-अलग वर्गों में पदक जीतने वाले खिलाड़ी जून में रूस में होने वाली विश्व चैंपियनशिप में हुनर दिखाएंगे।
गरमपानी, जेएनएन : पहाड़ पर राष्ट्रीय क्रॉसबो शूटिंग प्रतियोगिता शुरू हो गई है। इसमें विभिन्न राज्यों के करीब 92 शूटर हिस्सा ले रहे हैं। अलग-अलग वर्गों में पदक जीतने वाले खिलाड़ी जून में रूस में होने वाली विश्व चैंपियनशिप में हुनर दिखाएंगे। क्रॉसबो शूटिंग (बंदूकनुमा धनुष से लक्ष्य भेदना) में अब तक क्रोशिया के निशानेबाजों का दबदबा रहा है। फील्ड एंड टारगेट शूटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे से लगे रातीघाट में शनिवार को राष्ट्रीय क्रॉसबो शूटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ भारत की पूर्व महिला शूटर आभा ढिल्लन व एसोसिएशन निदेशक चंद्रमोहन तिवारी ने संयुक्त रूप से किया। इसमें उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, दिल्ली के निशानेबाज हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता जूनियर व सीनियर वर्ग में खेली जा रही है। प्रतियोगिता में गोपीनाथ साहू, संजना जयसवाल, पवन सारस, जमीर अहमद, समीरउद्दीन, अदीपुर अली, जावेद अली, त्रिलोक द्विवेदी, दीपक कुमार, सैयद अहमद आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फील्ड एंड टारगेट शूटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के निदेशक चंद्रमोहन तिवारी के अनुसार यहां पहुंचे शूटर 10 मई को उत्तर प्रदेश में हुई राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन के बूते चुने गए हैं।
पहाड़ में पहली बार चैंपियनशिप
बाहरी प्रदेशों में काफी गर्मी है। इसी कारण एसोसिएशन ने उत्तराखंड में राष्ट्रीय प्रतियोगिता कराने का निर्णय लिया। इसके लिए रातीघाट को चुना गया। शूटिंग प्रतियोगिता यहां पहली बार हो रही है।
क्या है क्रॉसबो शूटिंग
यह मूल रूप से यूरोपियन गेम है और अंतरराष्ट्रीय खेल एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त है। फ्रांस व स्विट्जरलैंड में यह गेम ज्यादा लोकप्रिय है। वर्ष 2009 से भारत में इसकी शुरुआत हुई थी। अब इस शूटिंग का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है।
यह भी पढ़ें : महीने में एक दिन बिना बस्ते के स्कूल जाएंगे प्राइमरी व जूनियर हाईस्कूल के बच्चे
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप