नैनीताल के कालाढूंगी में घूम रहा 40 साल का टस्कर हाथी, वन विभाग के छूटे पसीने... लोगों में दहशत
नैनीताल के कालाढूंगी स्थित बैलपड़ाव क्षेत्र में एक 40 वर्षीय टस्कर हाथी का आतंक जारी है, जिससे किसानों की धान व गन्ने की फसल को भारी नुकसान हो रहा है।
HighLights
कालाढूंगी में 40 वर्षीय टस्कर हाथी का आतंक
हाथी ने धान-गन्ने की फसल को पहुंचाया नुकसान
हाथी भगाने के दौरान एक ग्रामीण घायल हुआ
जागरण संवाददाता, कालाढूंगी (नैनीताल)। बन्नाखेड़ा रेंज से सटे बैलपड़ाव क्षेत्र के पत्तापानी, सेमलचौड़, रतनपुर और बिशनपुर में टस्कर हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को भी हाथी सुबह से किसानों की धान व गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचाता रहा।
सूचना पर वन विभाग के कर्मचारी पहुंचे। हाथी को भगाने में वन विभाग की टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मंगलवार को ग्रामसभा रतनपुर में प्राथमिक पाठशाला के पास हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी। सूचना पर बन्नाखेड़ा के वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद सुबह करीब 11 बजे हाथी को गांव से बाहर खदेड़ा गया।
इस दौरान ग्रामीणों के भगाने पर हाथी उन्हीं की ओर दौड़ पड़ा, जिससे अफरा-तफरी मच गई और एक ग्रामीण घायल हो गया। वही लगातार हाथी की आवाजाई से ग्रामीणों में भय का माहौल बना है।
वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर ने बताया कि हाथी करीब 40 वर्ष का प्रतीत हो रहा है। उसके स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पशु चिकित्सकों को बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि हाथी की आवाजाही से ग्रामीणों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
