शर्मनाक: नैनीताल में चार पर्यटकों ने महिला से की छेड़छाड़, पुलिस ने आरोपितों को 18 हजार रुपये लेकर छोड़ा
नैनीताल के ज्योलीकोट में महिला से छेड़छाड़ के आरोपी पर्यटकों को पुलिस ने 18 हजार रुपये लेकर छोड़ दिया था।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नैनीताल। शहर में एक बार फिर खाकी को शर्मसार करने वाला कारनामा सामने आया है। ज्योलीकोट क्षेत्र में महिला के छेड़छाड़ के आरोपित पर्यटकों को पुलिस ने 18 हजार लेकर छोड़ दिया।
स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया तो पुलिस ने ली हुई रकम वापस भी कर दी, मामला एसएसपी तक पहुंचा तो चौकी इंचार्ज व एक कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
ये है मामला
जानकारी के मुताबिक बीते दिनों ज्योलीकोट के कुछ ग्रामीणों को चौकी पुलिस को सूचना दी कि स्कार्पियों सवार चार पर्यटकों ने क्षेत्र में एक महिला के साथ छेड़छाड़ की। सूचना पर पुलिस ने वायरलैस पर सूचना देने के बाद पर्यटक वाहन को रानीबाग में पकड़ लिया। आरोप है कि पर्यटकों को ज्योलीकोट चौकी लाने के बाद पुलिस ने 18 हजार रुपये लेकर मामला रफादफा कर दिया।
जब शिकायत के बाद भी पर्यटकों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी कार्रवाई का दबाव बनाने लगे। जिस पर पर्यटकों को 18 हजार रुपये ऑनलाइन वापस कर दिये गए। जिसके बाद भी क्षेत्रवासियों का आक्रोश कम नहीं हुई।
यह भी पढ़ें- नैनीताल से जुड़े पंजाब, तेलंगाना, केरल और तमिलनाडु में हुई साइबर ठगी के तार, म्यूल खातों में पहुंचा पैसा
चौकी इंचार्ज व एक कांस्टेबल लाइन हाजिर
इंटरनेट मीडिया में पुलिस पर तमाम आरोप लगे तो मामला एसएसपी मंजूनाथ टीसी तक भी पहुंच गया। एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से ज्योलीकोट चौकी इंचार्ज व एक कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया है।
महिला से छेड़छाड़ के आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई के बजाए रुपयों के लेनदेन की शिकायत मिली थी। ऑनलाइन भुगतान से इसकी पुष्टि भी हो गई। जिस पर एक्शन लेते हुए चौकी इंचार्ज श्याम बोरा व कांस्टेबल धमेंद्र साहनी पर लाइन हाजिर की कार्रवाई की गई है। - मंजूनाथ टीसी, एसएसपी, नैनीताल
यह भी पढ़ें- नैनीताल में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद कुख्यात बदमाश चंदन सागर को दबोचा, पैर में लगी गोली
