नैनीताल से जुड़े पंजाब, तेलंगाना, केरल और तमिलनाडु में हुई साइबर ठगी के तार, म्यूल खातों में पहुंचा पैसा
साइबर ठगी करने वाले गिरोह अब दूसरों के बैंक खातों को म्यूल अकाउंट के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। साइबर ठगी करने वाले गिरोह अब दूसरों के बैंक खातों को म्यूल अकाउंट के तौर पर इस्तेमाल कर ठगी की रकम खपा रहे हैं।
बनभूलपुरा पुलिस की जांच में ऐसा ही मामला सामने आया है। साइबर सेल से मिले संदिग्ध बैंक खाते की जांच में पंजाब, तेलंगाना, केरल और तमिलनाडु के लोगों की साइबर ठगी की शिकायतों से खाते का कनेक्शन मिला है।
चार शिकायतें पंजीकृत
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध खाता संख्या 44287928647 एसबीआइ की नवीन मंडी शाखा में नाजिल पुत्र नन्हें, निवासी वार्ड नंबर 12 इंद्रानगर, बनभूलपुरा के नाम से संचालित है। एनसीआरपी पोर्टल पर इस खाते के विरुद्ध चार शिकायतें पंजीकृत मिलीं।
यह भी पढ़ें- अल्मोड़ा में 'म्यूल अकाउंट' से दो दिन में एक करोड़ का संदिग्ध लेन-देन, साइबर ठगी का बड़ा खुलासा
इनमें पंजाब की शिकायत में 1.16 लाख रुपये, तेलंगाना की शिकायत में 32 हजार रुपये और तमिलनाडु की शिकायत में 85 हजार रुपये के लेनदेन सामने आए। केरल की शिकायत में भी खाते से जुड़े 10-10 हजार रुपये के दो ट्रांजेक्शन मिले। इसके अलावा 15 हजार रुपये का एक लेनदेन भी होल्ड मिला।
पते पर नहीं मिला खाताधारक
जांच के दौरान पुलिस टीम नाजिल के बताए पते पर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। पुलिस को प्रथम दृष्टया आशंका है कि खाते का इस्तेमाल साइबर धोखाधड़ी से अर्जित रकम को प्राप्त करने के लिए किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अभियोग पंजीकृत कर विस्तृत विवेचना शुरू कर दी गई है।
