विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नैनीताल में शराब की दुकानों पर प्रशासन का शिकंजा, ओवररेटिंग पर बड़ी कार्रवाई

Published: Fri, 02 Oct 2026 12:11 AM (IST)

नैनीताल के भवाली और लालकुआं में शराब की दुकानों पर छापेमारी की गई। इन दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. नैनीताल के भवाली और लालकुआं में शराब दुकानों पर छापेमारी।

  2. निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर शराब बेचने की शिकायतें।

  3. दुकानों पर मूल्य सूची प्रदर्शित न करने की अनियमितता मिली।

जागरण संवाददाता, नैनीताल। जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देश पर उपजिलाधिकारी धारी अनुराग आर्या के नेतृत्व में भवाली स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान दुकान के निरीक्षण में शराब को निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचे जाने की अनियमितता सामने आई। इसके अलावा दुकान पर रेट लिस्ट चस्पा नहीं की गई थी, जिससे ग्राहकों को निर्धारित मूल्य की जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं थी।

उपजिलाधिकारी द्वारा संबंधित संचालक को शराब की बिक्री निर्धारित मूल्य पर करने तथा दुकान पर मूल्य सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।

ओवर रेटिंग पर लालकुआं में भी प्रशासन का शिकंजा, शराब की दुकान में पकड़ी पांच रुपये की ओवररेटिंग

ओवर रेट में शराब बिक्री की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने गुरुवार देर रात लालकुआं और हल्दूचौड़ क्षेत्र की देसी एवं अंग्रेजी शराब की दुकानों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान लालकुआं स्थित एक देसी शराब की दुकान में पांच रुपये की ओवररेटिंग पकड़ी गई।

प्रशासन ने दुकान के आवश्यक दस्तावेज कब्जे में लेकर मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी नैनीताल को भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 9:30 बजे उप जिलाधिकारी लालकुआं रेखा कोहली और तहसीलदार ईश्वर सिंह भीमा के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने लालकुआं एवं हल्दूचौड़ क्षेत्र की शराब की दुकानों पर अचानक छापेमारी की।

टीम ने दुकानों में पहुंचकर शराब के निर्धारित मूल्य, बिक्री संबंधी अभिलेख और अन्य दस्तावेजों की जांच की।
इस दौरान लालकुआं स्थित देसी शराब की दुकान पर प्रशासन की टीम ने ओवररेटिंग की जांच के लिए राजस्व विभाग के एक कर्मचारी को ग्राहक बनाकर शराब खरीदने भेजा।

आरोप है कि दुकान के सेल्समैन ने निर्धारित मूल्य से पांच रुपये अधिक वसूल लिए। इसके बाद टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए दुकान के संबंधित दस्तावेज कब्जे में ले लिए। उप जिलाधिकारी रेखा कोहली ने बताया कि जांच के दौरान पांच रुपये की ओवररेटिंग पकड़ी गई है।

मामले में दुकान के दस्तावेज कब्जे में लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे जिलाधिकारी नैनीताल को भेजा जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ओवररेटिंग की शिकायतों को लेकर प्रशासन का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें- बना रहे हैं अक्टूबर में नैनीताल आने का प्लान‌? तो पहले जान लें होटल्स की एडवांस बुकिंग का स्टेटस

यह भी पढ़ें- नैनीताल में धामी सरकार के सख्त भू-कानून का चला डंडा, 1.822 हेक्टेयर भूमि जब्त