विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नैनीताल में Boating के लिए पूछना पड़ा महंगा, पर्यटकों ने नाविकों को पीटा... छह पर कार्रवाई

Published: Sun, 20 Sep 2026 11:38 AM (IST)

नैनीताल में नौकायन को पूछने पर पर्यटकों ने नाविकों को पीट दिया, जिसके बाद पुलिस ने छह पर्यटकों पर चालानी कार्रवाई की।

HighLights

  1. पर्यटकों ने नौकायन पूछने पर नाविकों को पीटा

  2. पुलिस ने छह पर्यटकों पर चालानी कार्रवाई की

  3. घटना नैनीताल के मालरोड बोट स्टैंड पर हुई

जागरण संवाददाता, नैनीताल । शहर की मालरोड क्षेत्र स्थित बोट स्टैंड पर खड़े नौका चालकों ने राह चलते पर्यटकों से नौकायन के लिए पूछा तो पर्यटक गालीगलौज पर उतर आए। विरोध पर पर्यटकों ने नाविकों को पीटना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची तल्लीताल पुलिस दोनों पक्षों को चौकी ले गई।

कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि मारपीट और गालीगलौज करने पर शाहपुर कौशांबी (उत्तर प्रदेश) निवासी कार्तिकेय सिंह, सुधांशु यादव, जय मिश्रा, वीर सिंह यादव, किशन सिंह, धनंजय सिंह के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई है।

नैनीताल में सप्ताहांत पर पर्यटक वाहनों का दबाव बढ़ा

नैनीताल: सप्ताहांत के साथ ही मां नंदा देवी महोत्सव पर पर्यटक वाहनों का दबाव बढ़ा तो पुलिस का यातायात प्लान हवाई साबित हो गया। शनिवार को सुबह से शाम तक मालरोड, तल्लीताल डांठ, मल्लीताल मस्जिद तिराहा, हाई कोर्ट मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।

यह भी पढ़ें- अब देहरादून में ही मिलेगी नैनीताल जैसी फीलिंग, तालाब के बीच आइलैंड पर पहुंचाएगी पैडल बोट

शनिवार को सुबह से ही शहर में पर्यटकों का आना शुरू हो गया था, जो शाम तक जारी रहा। डीएसए मैदान में पार्किंग न होने से वाहनों का दबाव मेट्रोपोल व सूखाताल पार्किंग पर बढ़ गया। जिसके दोपहर बाद फुल होने के कारण पार्किंग के लिए पर्यटक वाहन चक्कर काटते रहे।

सुबह से कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों की भी भीड़ उमड़ी रही। जिससे शाम तक भवाली से भूमियाधार तक वाहनों की कतार लगी रही। शहर की सड़कें भी वाहनों के दबाव से चोक रही।

एसपी डा. जगदीश चंद्र ने बताया कि वीकेंड के लिए यातायात को लेकर विशेष व्यवस्था बनाई गई थी। जिसमें कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के लिए व्यवस्था की थी। नैनीताल में भी पर्यटक वाहनों का दबाव बढ़ने व पार्किंग स्थल फुल होने से समस्या बनी रही। देर शाम तक यातायात व्यवस्था को सुचारू कर दिया गया था।

यह भी पढ़ें- सेब बागवानी की जीनियस है ये मशीन, करती है कई श्रमिकों के काम, नैनीताल के उद्यमी आनंद कमा रहे लाखों