हल्द्वानी के MBPG कॉलेज चुनाव में मतदान के बाद हिंसक झड़प, समर्थक का सिर फटा, मतगणना में ABVP प्रत्याशी ने फाड़े मतपत्र
एमबीपीजी कॉलेज चुनाव में मतदान के बाद हिंसक झड़पें हुईं, जिसमें सचिव प्रत्याशी सार्थक के एक समर्थक राधे गुप्ता का ...और पढ़ें
-1790701306333_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। एमबीपीजी कालेज में मतदान खत्म होते ही चुनावी विवाद हिंसक हो गया। कालेज के बाहर सचिव प्रत्याशी सार्थक का प्रतिद्वंद्वी के समर्थकों ने सिर फोड़ दिया। इससे पहले भी सुबह से ही कालेज परिसर और आसपास प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच टकराव की स्थिति बनी रही।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कई बार लाठी फटकारनी पड़ीं। नैनीताल रोड़ में डिग्री कालेज के बाहर मंगलवार को सुबह से देर शाम तक सड़क में हंगामा चलता रहा। दोपहर दो बजे मतदान खत्म होते ही कालेज के बाहर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
सचिव प्रत्याशी सार्थक रस्तोगी के समर्थक राधे गुप्ता को प्रतिद्वंद्वी के समर्थकों ने घेर लिया। आरोप है कि लोहे की राड से उसके सिर पर वार किया गया। सिर फटने से राधे लहूलुहान हो गया। इसके बाद सड़क पर रखे प्लास्टिक के बैरिकेड भी दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फेंकने शुरू कर दिए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। देर शाम तक नैनीताल रोड, ठंडी सड़क और पार्क क्षेत्र में पुलिस की निगरानी रही। उधर, इसी बीच कालेज के गेट पर खड़े निर्दलीय अध्यक्ष प्रत्याशी आर्यन बेलवाल के समर्थकों के साथ अभाविप से अध्यक्ष प्रत्याशी धीरज बिष्ट की झड़प हो गई।
इस दौरान दोनों के समर्थक के बीच हाथापाई शुरू होती, पुलिस ने लाठी फटकार सभी को खदेड़ दिया। यहां सुबह से शाम तक नैनीताल रोड, ठंडी सड़क और कालेज के आसपास कई बार अफरातफरी की स्थिति बनी रही।
बैरिकेड पर छात्राओं में भिड़ंत
नवाबी रोड जाने वाली गली के पास बैरिकेडिंग पर समर्थकों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान छात्राएं भी सड़क पर एक-दूसरे से भिड़ गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया। दोनों छात्राएं अध्यक्ष प्रत्याशियों की समर्थक थीं।
विधायक के जुलूस को बैरिकेड पर रोका
नैनीताल रोड से ठंडी सड़क होते हुए एमबीपीजी की ओर जा रहे विधायक सुमित और एनएसयूआई प्रत्याशी मेहुल शाह के समर्थकों के जुलूस को पुलिस ने बैरिकेड पर रोक दिया। आगे बढ़ने को लेकर पुलिस और समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की हुई। हालांकि इसके बाद भी रैली निकली, लेकिन दोबारा लौटकर नहीं आई।
मतदान के बीच आर्यन व धीरज के बीच कहासुनी
मतदान के दौरान अध्यक्ष पद के प्रत्याशी धीरज बिष्ट और निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल के बीच फर्जी मतदान के आरोप को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों पक्ष आमने-सामने आए तो पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
छावनी में तब्दील रहा कालेज परिसर
एसपी सिटी मनोज कत्याल और एसपी क्राइम डा. जगदीश चंद्र सुबह से शाम तक सड़क से लेकर कालेज के भीतर तक गश्त करते रहे। इस बीच एसपी सिटी लाउडस्पीकर से सड़कों में नियमों का पाठ पढ़ाते हुए नजर आए।
वन-वे में लगा रहा जाम
तिकोनिया से नैनीताल रोड में वन-वे था, इसलिए एक ही साइड से वाहन आ-जा रहे थे। सुबह 11 बजे तक तो यातायात सामान्य रहा, लेकिन सड़क में रैलियां बढ़ने लगी तो सड़क के दोनों ओर भीड़ लग गई। जिससे स्कूली बसों में बच्चे, आटो, कार, बस समेत अन्य वाहनों में भी सवारियां परेशान नजर आए।
इसके बाद दोपहर बार पुलिस को कुछ देर के लिए तिकोनिया से वाहनों को रोकना पड़ा। पुलिस ने कालेज के आसपास से भीतर को जाने वाली सभी गलियों को बैरिकेडिंग से बंद कर दिया था।
मतगणना के दौरान एबीवीपी प्रत्याशी ने फाड़े मत पत्र, गड़बड़ी का लगाया आरोप
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : एमबीपीजी कालेज में देर शाम एबीवीपी के अध्यक्ष प्रत्याशी धीरज बिष्ट ने मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाया और आक्रोश में आकर मतपत्र फाड़ दिए। स्थिति बिगड़ती देख तुरंत बनभूलपुरा थानाध्यक्ष डीएस फर्त्याल ने उसका गिरवान पकड़कर खदेड़ दिया।
मौके पर धीरज के समर्थक भी पहुंचे और पुलिस के साथ बहस करने लगे। प्रत्याशी व समर्थकों का कहना है कि निर्दलीय प्रत्याशी की अपेक्षा में उनके वोट गिने नहीं जा रहे है। उन्होंने इसे निर्दलीय प्रत्याशी की साजिश बताया है।
कुछ देर चले हंगामे के बाद पुलिस ने धीरज को शांत कर बैठा दिया। इस दौरान मतगणना स्थल पर कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद पुलिस और कालेज प्रशासन ने स्थिति नियंत्रित कर अनावयशक भीड़ को मतगणना स्थल से बाहर भेज दिया।
