उत्तराखंड छात्रसंघ सुनाव: एमबीपीजी में 12 हजार विद्यार्थी करेंगे मतदान, अधिसूचना जारी
एमबीपीजी कॉलेज, हल्द्वानी में छात्र संघ चुनाव की अधिसूचना जारी हो गई है, जिसमें 12,000 विद्यार्थी मतदान करेंगे। आज नामांकन ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी । एमबीपीजी कालेज में बुधवार को छात्र संघ चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। आज यानी गुरुवार को नामांकन पत्रों की बिक्री होगी। महाविद्यालय के नैनीताल रोड स्थित काउंटर से सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक नामांकन पत्र बिकेंगे। परिसर में अन्य छात्र-छात्राओं की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। वहीं, शुक्रवार को पर्चे दाखिल होंगे।
छात्र संघ चुनाव के मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. एलएम पांडे ने बताया कि नामांकन पत्र 100 रुपये में दिया जाएगा। इसके साथ छात्र-छात्राओं को छात्र संघ संविधान की प्रति भी दी जाएगी। प्रो. पांडे ने बताया कि काउंटर से फार्म पर प्रत्याशी और उसके पिता का नाम एवं कक्षा दर्ज की जाएगी।
यह भी पढ़ें- हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव बना खतरा, छात्रों के गुटों में खूनी संघर्ष और तोड़फोड़, पांच घायल
ऐसे में जिस विद्यार्थी के नाम पर फार्म जारी होगा वही नामांकन कर पाएगा। नामांकन के समय प्रत्याशी संग अनुमोदक और प्रस्तावक ही परिसर में आ पाएंगे। इधर, प्रवेश प्रभारी डा. जीवन सिंह गड़िया ने बताया कि करीब 12 हजार विद्यार्थियों का अभी तक प्रवेश हो चुका है। अधिसूचना जारी होने के साथ ही दाखिले की प्रक्रिया बंद कर दी गई है।
अब चुनाव के बाद प्रवेश होंगे। ऐसे में इस वर्ष 12 हजार छात्र-छात्राएं प्रत्याशियों का भाग्य तय करेंगे। जिसमें स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले पांच हजार से अधिक विद्यार्थी निर्णायक होंगे। वहीं प्रत्याशियों के सामने 6500 से ज्यादा छात्राओं को साधने की चुनौती होगी। इधर, कालेज में चार से पांच वर्ष पहले पढ़ाई पूरी कर चुके 2000 से अधिक विद्यार्थियों ने भी प्रवेश लिया है।
एमबी में मतदान को एक घंटा अतिरिक्त मिलेगा
प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने बताया कि 29 सितंबर को सुबह नौ बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू होगी, जो दोपहर दो बजे तक चलेगी। बताया कुमाऊं विश्वविद्यालय ने सुबह 10 बजे से वोटिंग शुरू करने का समय दिया है, लेकिन सर्वाधिक छात्र संख्या होने पर एक घंटा अतिरिक्त तय किया गया है।
