विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुमाऊं द्वार महोत्सव में पहुंचीं मैथिली ठाकुर ने सीएम धामी को बताया बड़ा भाई, कहा, बिहार तक गूंजता है नाम

Published: Mon, 26 Oct 2026 11:59 AM (IST)

गायिका और भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने कुमाऊं द्वार महोत्सव में सीएम पुष्कर सिंह धामी को अपना बड़ा भाई बताते ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। कुमाऊं द्वार महोत्सव में गायक और भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अपना बड़ा भाई बताते हुए कहा कि उनके नाम और विकास कार्यों की गूंज बिहार समेत पूरे देश में सुनाई देती है। उन्होंने कहा कि चूंकि वह अब एक नेता भी हैं, ऐसे में वह सीेएम धामी से सीखती हैं कि किस तरह जनहित के कार्य करने चाहिए।

81546069

रविवार शाम शरद पूर्णिमा का पूरा चांद जब आसमान पर उतरा तो हल्द्वानी के एमबी इंटर कालेज के मैदान में गायिका मैथिली ठाकुर ने अपनी सुरमयी आवाज के जादू से सीएम धामी समेत हर किसी को झूमने को मजबूर कर दिया।

उन्होंने सुआ रे सुआ बनखंडी सुआ, धामी रे धाकड़ धामी रे, बेड़ू पाको बारोमासा... जैसे गीत गाए। उन्होंने कहा कि हम मिथिला से हैं और सीता जी की सखियों में शामिल हैं इसलिए जिस तरह मिथिला के लोग रामजी की बरात में पहुंचे लोगों को प्रेम से गाली सुनाते हैं, उसी तरह मैं अपने भाई सीएम धामी को भी यह गाली वाला गीत सुनाती हूं।

उन्होंने राम जी से पूछे जनकपुर के नारी... गीत सुनाया। इसके अलावा मैथिली ठाकुर ने दर्शकों की मांग पर सीएम धामी के लिए भैय्या हमार सीएम होइहे, उसे ऊपर पीएम होइहे... गीत गाया।

उत्तराखंड आकर लगता है कि मुझ में भगवती का वास हैः मैथिली

हल्द्वानी में मैथिली ठाकुर उत्तराखंड के रंग में रंगी नजर आई। पिछौड़ा ओढ़े मैथिली ने लोगों से कहा कि उत्तराखंड में बेटियों को भगवती देवी के रूप में पूजा जाता है। जब भी मैं मिथिला से उत्तराखंड आती हूं तो मुझे महसूस होता है कि मेरे ही अंदर भगवती का वास हो। मुझे बेहद अपनापन महसूस होता है।

बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति

इससे पहले सीएम धामी के सामने वैदेही दिगारी के नेतृत्व में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं विनोद कापड़ी निर्देशित फिल्म पायर के ट्रेलर और गोविंद दिगारी व खुशी दिगारी के गीत खटाई बना छू... को लान्च किया गया।

कार्यक्रम में सीएम धामी ने ऐपण गर्ल भावना भारती, रिकार्डिस्ट सागर शर्मा, संगीतकार संजय गोस्वामी, मशकबीन वादक सुरेश जोशी को सम्मानित किया।

यह भी पढ़ें- बिंदुखत्ता राजस्व गांव की मांग को लेकर हल्द्वानी में महारैली, 20 दिसंबर को हजारों लोग करेंगे हल्ला-बोल

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में बनेंगे कई फ्लाईओवर, लालकुआं-हल्द्वानी बाईपास को भी केंद्र की हरी झंडी