कौसानी में ट्यूशन से लौट रहे दो बच्चों पर झपटा गुलदार, कुछ दूर तक पीछ भी किया
कौसानी में ट्यूशन से लौट रहे दो बच्चों पर गुलदार झपट गया। एक बच्चे को पंजा मारकर घायल कर दिया। जबकि हड़बड़ी में दूसरा बच्चा गिरकर चोटिल हो गया।
बागेश्वर, जेएनएन : कौसानी में ट्यूशन से लौट रहे दो बच्चों पर गुलदार झपट गया। एक बच्चे को पंजा मारकर घायल कर दिया। जबकि हड़बड़ी में दूसरा बच्चा गिरकर चोटिल हो गया। बच्चों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है। सरेशाम बाजार के समीप गुलदार के हमला करने से लोगों में दहशत है।
सोमवार की शाम करीब साढ़े सात बजे जाड़ापानी के रहने वाला दसवीं का छात्र रवि भट्ट पुत्र दुर्गा दत्त भट्ट और 11वीं में पढऩे वाला नितिन कुमार पुत्र बहादुर प्रसाद अनासक्ति आश्रम के पास रहने वाले धीरज मेहरा के यहां से ट्यूशन पढ़कर लौट रहे थे। बाजार से कुछ आगे जाने पर पुलिस चौकी के समीप अचानक ऊपर की ओर से गुलदार ने बच्चों पर छलांग लगा दी। अचानक हुए हमले में गुलदार का पंजा एक बच्चे की कमर पर लग गया। घबराये बच्चों ने आगे की ओर दौड़ लगा दी। गुलदार भी कुछ दूरी तक पीछे आया। हड़बड़ी में एक बच्चा रास्ते के नीचे झाड़ी में गिर गया। जिससे उसके पैर में चोट लग गई। घबराए बच्चे जोर-जोर से हल्ला करने लगे। उनका शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े आए। उन्होंने झाड़ी में गिरे बच्चे को बाहर निकाला। दोनों बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर महिपाल ऐठानी ने उनका उपचार किया। उन्होंने बताया कि बच्चों को हल्की खरोंच व चोट है। उनका उपचार चल रहा है।
यह भी पढ़ें : रामनगर में रिसॉर्ट के मालिक ने अपनी ही महिला कर्मचारी के साथ किया दुष्कर्म
यह भी पढ़ें : नैनीताल की बेटी के शोध का डंका दुनिया में बजा, बताया जलवायु संकट कैसे बर्बाद कर देगा सामाजिक तानेबाने और अर्थव्यवस्था को