उत्तराखंड के कुमाऊं में बढ़ेगा विंटर टूरिज्म, रजिस्ट्रेशन के बाद ही पर्यटन स्थलों पर आ सकेंगे सैलानी! बन रही एप
कुमाऊं में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने और बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्यटन स्थलों की वहन क्षमता के आधार पर पंजीकरण व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
किशोर जोशी, नैनीताल। कुमाऊं में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार और पर्यटन विभाग मिलकर प्रयास कर रहे हैं। हालिया सालों में कैंची धाम प्रमुख स्थल के रूप में उभरा है। ऐसे ही अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर आगंतुकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में वहन क्षमता के अनुसार लोगों को एंट्री देने को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं।
श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के पंजीकरण के लिए एप तैयार करने का काम शासनस्तर पर किया जा रहा है। शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कार्निवाल का आयोजन किया जाता है। मुक्तेश्वर से एमटीबी माउंटेन बाइक रेस का एक आयोजन किया गया है, जिसमें प्रतिभागी लगभग 680 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। इसका समापन मसूरी में होगा। विभाग की ओर से जल्द ही हिमालयन माउंटेन कार रैली का आयोजन भी प्रस्तावित है।
दैनिक जागरण विमर्श में जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य ने शीतकालीन पर्यटन पर विषय रखा। उन्होंने कहा कि कुमाऊं में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विवेकानंद सर्किट बनाया जा सकता है। नैनीताल जिले के ओखलकांडा में हरीशताल आकर्षक झील है। यहां विभाग की ओर से झील सुंदरीकरण सहित अन्य कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। हरीशताल को पर्यटन मानचित्र में लाकर पर्यटकों को आकर्षित कर सकते हैं।
ओखलकांडा में ही देवगुरु बृहस्पति तक 80 किलोमीटर तक ट्रेकिंग को लोकप्रिय बनाया जा सकता है। इंटरनेट मीडिया व वेबसाइट के माध्यम से पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि पर्यटन स्थलों के विकास में भूमि से संबंधित दिक्कतें आती हैं, जिसका प्रशासन के माध्यम से समाधान किया जा रहा है, लेकिन निजी भूमि से संबंधित परेशानियां हल करने में बाधाएं स्वाभाविक हैं।
कहा कि कैंची धाम सहित नैनीताल व अन्य स्थानों पर वहन क्षमता के आधार पर लोगों की एंट्री के लिए पंजीकरण व्यवस्था बनाने का मामला शासन स्तर पर विचाराधीन है। कैंची में सीजन में रोजाना 20-25 हजार, जबकि आफ सीजन में 10-12 हजार श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है।
एक हजार होम स्टे पंजीकृत, एक लाख तक कमाई
पर्यटन अधिकारी आर्या ने बताया कि पर्यटन गतिविधियां बढ़ने के साथ ही क्षेत्र स्वरोजगार व रोजगार की नई संभावनाएं सृजित हो रही हैं। लोग होम स्टे प्रारंभ करके अच्छी कमाई कर रहे हैं। जिले में एक हजार से अधिक होम स्टे संचालित हैं, हर होम स्टे संचालक एक लाख से अधिक कमाई कर रहा है। इसके अलावा होटल-रेस्टोरेंटों की संख्या में वृद्धि हो रही है।
दक्ष गाइड के बगैर न करें ट्रेकिंग
उन्होंने कहा कि पर्यटकों के लिए सुगम पर्यटन के साथ सुरक्षा की व्यवस्था भी विभाग व प्रशासन-शासन की प्राथमिकता है। अत्यधिक बर्फबारी सहित कठिन चोटियों पर ट्रेकिंग बिना दक्ष गाइड के न हो, इसे लेकर खास ध्यान दिया जाएगा। बिना लोकल गाइड के ट्रेकिंग न हो। शीतकाल में भी बिना स्थानीय गाइड या टूर आपरेटर के सीधे क्षेत्र में न जाएं। थोड़ी सी लापरवाही से कोई अप्रिय घटना घटित हो सकती है।
वेडिंग डेस्टिनेशन बने रामनगर-मुक्तेश्वर में 300 से ज्यादा शादियां
रामनगर-मुक्तेश्वर व रामगढ़ मुख्य रूप से वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी विकसित हो रहे हैं। जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि यहां साल में औसतन तीन सौ से अधिक शादियां हो रही हैं। बताया पर्यटन विभाग प्रदेश में अन्य स्थानों पर नए क्षेत्र विकसित करने पर जोर दे रहा है। पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में संभावनाओं के अनुसार क्षेत्राें का विकास किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।