शहरी दबाव और मौसम की मार से दम तोड़ रहे हिमालयी सरोवर, प्रदूषण की चपेट में पांच प्रमुख झीलें
कुमाऊं विश्वविद्यालय के शोध में मध्य हिमालय की नौ प्रमुख झीलें जलवायु परिवर्तन और शहरी दबाव से गंभीर रूप से ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
नौ हिमालयी झीलें जलवायु परिवर्तन, शहरी दबाव से गंभीर प्रभावित
कमलताल, सूखाताल हाइपर-यूट्रोफिक, एल्गल ब्लूम का गंभीर खतरा
83.3% झील जल नमूने पीने के लिए अनुपयुक्त पाए गए
पंकज कुमार, हल्द्वानी। जलवायु परिवर्तन और बढ़ते शहरी दबाव का असर अब मध्य हिमालय की प्राकृतिक झीलों के पारिस्थितिक तंत्र पर साफ दिखने लगा है।
कुमाऊं विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के शोधकर्ताओं की ओर से सैटेलाइट रिमोट सेंसिंग और एलएसटीएम (लांग शार्ट-टर्म मेमोरी) मशीन लर्निंग माडल की मदद से किए गए एक वैज्ञानिक अध्ययन में नौ प्रमुख झीलों की चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। आंकड़ों के विश्लेषण पर आधारित इस शोध में झीलों के मूल्यांकन के लिए एक नया हिमालयन एक्वाटिक इकोसिस्टम इंडेक्स विकसित किया गया है।
भूगोल विभाग के डा. पीसी चन्याल के नेतृत्व में शोधकर्ताओं विश्लेश्वर और कैलाश चंद्र की ओर से किए गए इस अध्ययन में नैनीताल, भीमताल, नौकुचियाताल, सातताल, खुर्पाताल, कमलताल, सूखाताल, पूर्णाताल और गरुड़ताल की पारिस्थितिक स्थिति की जांच की गई।
शोध में पाया गया कि कमलताल (0.839) और सूखाताल (0.729) हाइपर-यूट्रोफिक यानी अत्यधिक पोषकतत्वों से भरी हुई स्थिति में पहुंच चुके हैं। इन दोनों झीलों में क्लोरोफिल-ए का स्तर 17.4 से 18.8 माइक्रोग्राम प्रति लीटर तक पहुंच गया है, जिससे यहां एल्गल ब्लूम (शैवाल प्रस्फुटन) का बेहद गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
इसके अलावा, पर्यटन की दृष्टि से सबसे महत्वपूर्ण नैनीताल (0.416), भीमताल (0.410) और पूर्णाताल (0.405) को यूट्रोफिक यानी प्रदूषण और जैविक क्षरण से प्रभावित श्रेणी में रखा गया है। वहीं, सातताल, नौकुचियाताल, खुर्पाताल और गरुड़ताल फिलहाल मेसोट्रोफिक (मध्यम पोषक तत्वों वाली) स्थिति में पाए गए हैं। शोध में यह भी सामने आया कि शहरी दबाव और अस्थिर जल प्रणाली वाली झीलों का व्यवहार बेहद अनियमित हो गया है।
83.3 फीसदी नमूने अनुपयुक्त
पेयजल स्रोतों के स्रोतवार तुलनात्मक विश्लेषण के आंकड़े भी बेहद चौंकाने वाले हैं। भारतीय मानक ब्यूरो के मानकों के आधार पर की गई जांच में झील के कुल छह नमूनों में से 83.3 फीसदी (पांच नमूने) पीने के लिए पूरी तरह अनुपयुक्त पाए गए, जबकि 16.7 फीसदी अत्यंत खराब श्रेणी में रहे।
इसी तरह नल के पानी (टैप वाटर) के 15 नमूनों में से 73.3 फीसदी (11 नमूने) पीने योग्य नहीं मिले। झरनों के आठ नमूनों में 75 फीसदी पानी अनुपयुक्त पाया गया, जबकि आरओ के नौ नमूनों में 44.4 फीसदी उत्कृष्ट और 22.2 फीसदी अच्छे स्तर के मिले। मिट्टी के घड़े का पानी जांच में शत-प्रतिशत उत्कृष्ट पाया गया।
शोधकर्ताओं के प्रमुख सुझाव
हिमालयी झीलों के संरक्षण के लिए शोधकर्ताओं ने आधुनिक भू-स्थानिक तकनीकों, मशीन लर्निंग और एचएईआई संकेतकों की मदद से तनावग्रस्त झीलों की निरंतर वैज्ञानिक निगरानी करने का सुझाव दिया है। इसके अलावा, शहरी दबाव व मानवीय दखल को रोकने तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने के लिए ठोस प्रबंधन रणनीति बनाने पर जोर दिया गया है।
प्रदूषण, जल संकट और जैव विविधता पर असर: अंधाधुंध शहरीकरण, अनियंत्रित पर्यटन, सीवेज और जलवायु परिवर्तन मुख्य कारण हैं। इससे पारिस्थितिकी बिगड़ रही है और मछलियां व जलीय जीव नष्ट हो रहे हैं।
एल्गल ब्लूम के नुकसान: पानी में पोषक तत्व बढ़ने से सतह पर शैवाल की मोटी परत जम जाती है। यह सूर्य की रोशनी व आक्सीजन रोककर जलीय जीवों को मारती है।
जलजनित बीमारियों का खतरा: नल और झीलों का दूषित पानी मानकों पर फेल होने से हैजा, टाइफाइड, पीलिया और डायरिया जैसी गंभीर बीमारियों का सीधा खतरा है।
हमने सेंटिनल-2 और लैंडसैट सैटेलाइट डेटा व मशीन लर्निंग के जरिए नौ झीलों का गहन विश्लेषण किया है। शोध बताता है कि जब झीलें मानवीय दबाव और जलवायु परिवर्तन के तनाव में आती हैं, तो वे बेहद संवेदनशील हो जाती हैं। झीलों के संरक्षण के लिए अब आधुनिक भू-स्थानिक तकनीकों और एचएईआई संकेतकों के आधार पर निरंतर निगरानी व ठोस प्रबंधन रणनीति बनाना बेहद जरूरी है। - डा. पीसी चन्याल, प्रमुख शोधकर्ता, भूगोल विभाग, कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल
यह भी पढ़ें- टिहरी झील में जोरआजमाइश करेंगी थल-जल और वायुसेना, पहली बार दमखम दिखाएंगे कयाकिंग और कैनाइंग के खिलाड़ी
यह भी पढ़ें- भारत के अमीर लोगों की बदल रही पसंद, अंटार्कटिका की बर्फीली झीलें बनीं 'स्टेटस सिंबल'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।