त्योहारी सीजन में उत्तराखंड के इस स्टेशन से ट्रेनों में लंबी वेटिंग, बढ़ी घर जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें
त्योहारी सीजन के लिए काठगोदाम से चलने वाली ट्रेनें पूरी तरह पैक हो चुकी हैं, दिल्ली, हावड़ा और लखनऊ जैसे लंबे रूटों पर 100 से अधिक वेटिंग है।
-1792209679883_m.webp)
इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। नवरात्र से लेकर दिवाली तक के लिए काठगोदाम से चलने वाली ट्रेनें पैक हो चुकी हैं। मुख्य तौर पर दिल्ली, हावड़ा और लखनऊ जैसे रूटों पर चलने वाली रानीखेत और बाघ एक्सप्रेस में वेटिंग 100 के पार पहुंच गई है।
त्योहार मनाने के लिए घर वापस लौटने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है जबकि रोडवेज पर अभी यात्रियों की भीड़ सामान्य है। दिवाली से कुछ दिन पहले भीड़ बढ़ने की संभावना के चलते अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।
रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़
त्योहारी सीजन शुरू हो गया है। काठगोदाम से पूर्वांचल, बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली जाने वाली ट्रेनों के फर्स्ट, सेकंड और थर्ड एसी कोचों में वेटिंग चल रही है। वर्तमान में नवरात्र का सीजन चल रहा है जिससे रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ दिखाई दे रही है।
20 अक्टूबर को दशहरा, नवंबर में धनतेरस, दिवाली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज और उसके बाद छठ का महापर्व है। ऐसे में, त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों ने काफी पहले से ही ट्रेनों में बुकिंग करा ली थी। अब टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को लंबी वेटिंग लिस्ट से जूझना पड़ रहा है।
काठगोदाम से नियमित रूप से हावड़ा जाने वाली बाघ एक्सप्रेस में दिवाली के बाद और छठ से पहले टिकट मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। रेलवे की बुकिंग वेबसाइट पर इन तारीखों के लिए ट्रेन में रिग्रेट की स्थिति नजर आ रही है।
बाघ एक्सप्रेस में वेटिंग की स्थिति
- तारीख -स्लीपर -थर्ड एसी -सेकेंड एसी
- 16 -अक्टूबर -132 -62 -21
- 17 -अक्टूबर -94 -59 -21
- 18 -अक्टूबर -76 -53 -23
- 19 -अक्टूबर -90 -42 -23
- 20 -अक्टूबर -122 --71 बुकिंग नहीं
रानीखेत एक्सप्रेस में वेटिंग
तारीख -स्लीपर -थर्ड एसी -सेकेंड एसी
- 17 अक्टूबर -92 -54 -21
- 18 अक्टूबर -106 -56 -30
- 19 अक्टूबर -97 -69 -21
- 20 अक्टूबर -121 -बुकिंग नहीं -बुकिंग नहीं
- 21 अक्टूबर -79 -50 -31
नोट : वेटिंग की स्थिति आइआरसीटीसी की साइट से है।
बस अड्डों पर सामान्य भीड़
त्योहारी सीजन की शुरुआत में रोडवेज पर ज्यादा प्रभाव नहीं दिख रहा है। हल्द्वानी बस अड्डे पर शुक्रवार को दिल्ली के लिए 21 बसे भेजी गईं जिनमें आधी सीटें खालीं रहीं। छोटे रूटों की बसों में सामान्य दिनों की तरह यात्रियों की संख्या है।
दशहरा के बाद दिवाली व छठ के नजदीकी दिनों में यह भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन के एआरएम संजय पांडे ने बताया कि दिवाली से पहले दिल्ली, देहरादून आदि रूटों के लिए चार से पांच बसें लगाई जाएंगी। बरेली, रामपुर, खटीमा के लिए एक या दो अतिरिक्त बसें भेजी जाएंगी।
