कालाढूंगी-हल्द्वानी हाईवे ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, जवान की मौत nainital news
कालाढूंगी-हल्द्वानी हाईवे पर चकलुवा के पास भाखड़ा जंगल में ट्रक व बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार जवान चकलुवा देवीपुरा सुरेंद्र सिंह गंभीर की मौत हो गई।
कालाढूंगी, जेएनएन : कालाढूंगी-हल्द्वानी हाईवे पर चकलुवा के पास भाखड़ा जंगल में ट्रक व बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार सेना का जवान चकलुवा देवीपुरा निवासी सुरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान जवान की मौत हो गई। दूसरी ओर, हादसे के बाद कांच के बोतलों से लदा ट्रक असंतुलित होकर हाईवे पर पलट गया। इससे यातायात अवरुद्ध हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल जाम खुलवाया।
फौज से छुट्टी पर घर आया था जवान
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेंद्र सिंह पुत्र भगवत सिंह निवासी देवीपुरा चकलुवा कुछ दिन पहले फौज से छुट्टी पर घर आया था। बीते बुधवार को बड़े भाई विनोद सिंह के साथ उसका जनेऊ संस्कार हुआ था। गुरुवार को किसी काम से वह अपनी बाइक से हल्द्वानी गया था। वापसी के दौरान चौधरी गेट विदराम पुर से आगे शिव मंदिर के पास बाइक तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई। हादसे में सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान घायल ने दम तोड़ दिया। खबर लिखे जाने तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।
यह भी पढ़ें : हजारों नम आंखों ने दी शहीद राहुल को अंतिम विदाई, गगनभेदी नारों से गूंजा आसमान
यह भी पढ़ें : कुमाऊं विवि के असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्ति मामले की जांच शासन करेगा