हल्द्वानी में वाल्मीकि शोभायात्रा और वीकेंड के चलते यातायात व्यवस्था में शनिवार को रहेगा बदलाव
भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस पर हल्द्वानी में शोभायात्रा के कारण यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। साथ ही, वीकेंड ...और पढ़ें
-1792775089115_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस पर सोमवार को शहर में शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके चलते पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। शोभायात्रा के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का संचालन बदला रहेगा।
वहीं, 24 और 25 अक्टूबर को वीकेंड के मद्देनजर भी यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।
शोभायात्रा लक्ष्मी शिशु मंदिर, बरेली रोड से शुरू होकर सिंधी चौराहा, रोडवेज, नैनीताल बैंक तिराहा, प्रेम टाकीज रेलवे क्रासिंग, राजपुरा, आर्मी गेट, तिकोनिया चौराहा, कैनाल रोड और कुल्यालपुरा चौराहे से होते हुए भगवान वाल्मीकि पार्क, तिकोनिया पहुंचेगी।
लक्ष्मी शिशु मंदिर से नैनीताल बैंक तिराहे तक शोभायात्रा मुख्य मार्ग के दाहिने हिस्से से निकाली जाएगी। यातायात व्यवस्था दोपहर दो बजे से शोभायात्रा समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।
बसों के लिए बदले जाएंगे रास्ते
रोडवेज, सिटी और सिडकुल की बसें सामान्य मार्ग से रोडवेज तक आएंगी। जरूरत पड़ने पर इन्हें तीनपानी से गौलापार, नारीमन तिराहा, तिकोनिया और वर्कशाप लाइन होकर भेजा जाएगा। पर्वतीय क्षेत्र से आने वाली बसें नारीमन तिराहे से तिकोनिया और वर्कशाप लाइन होकर रोडवेज पहुंचेंगी।
शोभायात्रा नैनीताल बैंक तिराहे से प्रेम टाकीज के बीच होने पर बसों को तिकोनिया के पास रोका जाएगा। रोडवेज से बरेली और रामपुर रोड जाने वाली बसें पूर्वी गेट से ताज चौराहा और गौलापुल होकर निकलेंगी। कालाढूंगी रोड की बसों को वर्कशाप लाइन, तिकोनिया, हाइडिल, पंचक्की और ऊंचापुल होकर भेजा जाएगा। पर्वतीय क्षेत्र की बसें वर्कशाप लाइन और तिकोनिया से नैनीताल रोड का इस्तेमाल करेंगी।
छोटे वाहनों के लिए भी डायवर्जन
रामपुर और बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्र जाने वाले छोटे वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार होकर निकलेंगे। पर्वतीय क्षेत्र से बरेली और रामपुर रोड जाने वाले वाहनों को नारीमन तिराहे से गौलापार की ओर भेजा जाएगा।
काठगोदाम से शहर आने वाले वाहनों को जरूरत के अनुसार कालटैक्स, हाइडिल, पंचक्की, लालढांठ, महारानी होटल, सरस्वती रेस्टोरेंट, दोनहरिया और जेल रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
शोभायात्रा राजपुरा से तिकोनिया के बीच रहने पर गोल्चा कंपाउंड रेलवे क्रासिंग और तिकोनिया से राजपुरा की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
कैनाल रोड और कुल्यालपुरा क्षेत्र में शोभायात्रा की स्थिति के अनुसार यातायात को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। अंतिम चरण में काठगोदाम से आने वाले वाहनों को आवास विकास तिराहे से ठंडी सड़क होकर तिकोनिया भेजा जाएगा।
आज और कल सुबह नौ से रात दस बजे तक डायवर्जन
वीकेंड को देखते हुए 24 और 25 अक्टूबर को सुबह नौ बजे से रात दस बजे तक यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्र जाने वाले वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार रोड होकर काठगोदाम पहुंचेंगे। रुद्रपुर से पर्वतीय क्षेत्र जाने वाले वाहन लालकुआं और तीनपानी फ्लाईओवर होकर जाएंगे।
हल्द्वानी शहर आने वाले वाहनों को गन्ना सेंटर से तीनपानी फ्लाईओवर और गौला रोड की ओर भेजा जाएगा। रामनगर और बाजपुर से पर्वतीय क्षेत्र जाने वाले वाहन कालाढूंगी के नैनीताल तिराहे से मंगोली होकर निकलेंगे। इन दोनों दिन सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक यात्रा मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
आवश्यक सेवाओं वाले भारी वाहनों को भी दोपहर दो बजे से रात 11 बजे तक यात्रा मार्ग पर प्रवेश नहीं मिलेगा। डायवर्जन के दौरान भारी वाहनों को जिले की सीमा पर रोका जाएगा। पर्वतीय क्षेत्र से हल्द्वानी आने वाली रोडवेज और केमू की बसें अपने निर्धारित मार्ग पर चलेंगी।
कैंचीधाम जाने वालों को मिलेगी शटल सेवा
24 से 26 अक्टूबर तक वीकेंड यातायात योजना भी लागू रहेगी। भवाली से कैंचीधाम जाने वाले श्रद्धालुओं को शटल सेवा से सफर करना होगा। इसके लिए वाहन विकास भवन पार्किंग, भीमताल और भवाली सैनिटोरियम में खड़े करने होंगे। यहां से कैंचीधाम के लिए शटल उपलब्ध कराई जाएगी।
इस दौरान सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक डायवर्जन प्रभावी रहेगा।
अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर आने-जाने वाले वाहनों को लमगड़ा, धनाचूली, धारी और खुटानी बैंड होकर भीमताल से निकाला जाएगा। काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन खुटानी बैंड से मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।
पुलिस ने वाहन चालकों और पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित मार्गों की जानकारी लें और डायवर्जन के दौरान वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
यह भी पढ़ें- हल्द्वानी अस्पताल से दुष्कर्म का आरोपित किशोर अब तक पुलिस पुलिस की गिरफ्त से दूर, बस स्टैंड के पास मिली लोकेशन
यह भी पढ़ें- हल्द्वानी में नकली सोने पर डेढ़ लाख का गोल्ड लोन धोखाधड़ी, महिला और सुनार पर केस
