विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हल्द्वानी में नकली सोने पर डेढ़ लाख का गोल्ड लोन धोखाधड़ी, महिला और सुनार पर केस

Published: Fri, 23 Oct 2026 02:51 PM (IST)

हल्द्वानी में बैंक ऑफ बड़ौदा से नकली सोना गिरवी रखकर डेढ़ लाख का गोल्ड लोन लेने का मामला सामने आया है।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। नकली सोना गिरवी रखकर बैंक आफ बड़ौदा से डेढ़ लाख रुपये का गोल्ड लोन लेने का मामला सामने आया है। बैंक की मंगल पड़ाव शाखा में हुए इस मामले में इंद्रानगर निवासी सोनम और बड़ा बाजार स्थित श्री गुरु ज्वेलर्स के प्रोपराइटर प्रदीप कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत की गई है।

बैंक का आरोप है कि महिला ने सुनार के साथ मिलीभगत कर नकली सोना गिरवी रखा और गलत मूल्यांकन रिपोर्ट के आधार पर ऋण हासिल किया।

बैंक के अधिकृत हस्ताक्षरी महेंद्र तनेजा की ओर से न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, सोनम ने पांच मई 2022 को बैंक की मंगल पड़ाव शाखा में गोल्ड लोन के लिए आवेदन किया था। बैंक ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत सोने का मूल्यांकन कराने के बाद डेढ़ लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया।

सोने का मूल्यांकन बड़ा बाजार स्थित श्री गुरु ज्वेलर्स के प्रोपराइटर प्रदीप कुमार ने किया था। बैंक के अनुसार, ऋण की किश्तों का भुगतान नहीं होने पर खाता गैर निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) हो गया। इसके बाद बैंक ने तीन मई 2023 को ऋण वापसी के लिए नोटिस जारी किया। बाद में गिरवी रखे सोने की दोबारा जांच कराई गई।

पांच अप्रैल और नौ जुलाई 2024 की मूल्यांकन रिपोर्ट में सोना नकली होने की बात सामने आई। बैंक ने आरोप लगाया कि सोनम और प्रदीप कुमार ने मिलीभगत कर नकली सोने को असली बताकर मूल्यांकन रिपोर्ट तैयार कराई और बैंक से ऋण हासिल किया। इससे बैंक को आर्थिक नुकसान हुआ।

शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

बैंक की ओर से मामले में कार्रवाई के लिए 12 जून 2025 को संबंधित थाने में शिकायत दी गई। इसके बाद 24 जून 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नैनीताल को भी प्रार्थना पत्र दिया गया। बैंक का आरोप है कि इसके बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।

इसके बाद बैंक ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, हल्द्वानी के न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बनभूलपुरा थाने को प्राथमिकी दर्ज कर जांच के निर्देश देने की मांग की। अब मामले में सोनम और प्रदीप कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत की गई है।

यह भी पढ़ें- नकली सोना देकर फेडरल बैंक से ले लिया 1.46 करोड़ का गोल्ड लोन, गाजियाबाद में वैल्यूअर समेत 18 पर FIR

यह भी पढ़ें- मेरठ से नकली चूड़ियां लाकर राजस्थान में गोल्ड लोन की ठगी, डेढ़ करोड़ हड़पने वाला गिरोह गिरफ्तार