विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हल्द्वानी के प्राइमरी स्कूल की प्रधानाध्यापिका के घर में गूंजनी है बेटी की शहनाई, विभाग ने जनगणना में ड्यूटी लगाई

Published: Sun, 25 Oct 2026 10:51 PM (IST)

जीतपुर नेगी प्राइमरी स्कूल की प्रधानाध्यापिका की बेटी की शादी दिसंबर में है, लेकिन उन्हें जनगणना ड्यूटी पर लगाया गया ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

चयन राजपूत, जागरण हल्द्वानी। एक तरफ घर में बेटी के हाथ पीले करने की तैयारियां हैं और शहनाइयों की गूंज सुनाई देने वाली है तो दूसरी तरफ सिर पर जनगणना की सरकारी ड्यूटी की जिम्मेदारी। जनगणना के बीच बेटी की शादी होने से जीतपुर नेगी प्राइमरी स्कूल की प्रधानाध्यापिका के सामने दुविधा की स्थिति है।

दिसंबर में होने वाली जनगणना के दूसरे चरण में जिले के 300 से अधिक शिक्षकों की ड्यूटी लगने से स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था भी भगवान भरोसे रहेगी। जीतपुर नेगी स्कूल के सभी तीनों शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी से विद्यालय शिक्षकविहीन हो जाएगा।

जनगणना में हल्द्वानी के 311 शिक्षकों की ड्यूटी लगा दी है। इसको लेकर अभी से ही स्कूलों के शिक्षक व प्रधानाचार्यों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। दरअसल, जीतपुर नेगी में प्रधानाध्यापक समेत तीन शिक्षक तैनात हैं जिसमें सभी की ड्यूटी जनगणना में लगा दी है।

इस स्कूल में 93 विद्यार्थी पढ़ते हैं। तीनों शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना में लगने के साथ ही जीतपुर नेगी स्थित प्राइमरी स्कूल में प्रधानाध्यापक की बेटी की शादी भी दिसंबर में है। उन्होंने इस संबंध में उप शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखा है।

पत्र में कहा है कि एकल अभिभावक होने के कारण बेटी की शादी की पूरी जिम्मेदारी उनके ऊपर है। विद्यालय व छात्रहितों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने खुद व एक सहायक अध्यापक को जनगणना ड्यूटी से कार्यमुक्त करने का अनुरोध किया है। इसी तरह की स्थिति कई अन्य स्कूलों में भी है, वहां शिक्षकों की कमी पहले से ही है और उनकी ड्यूटी जनगणना में लगा दी है।

वर्जन
जनगणना में शिक्षकों की ड्यूटी लगने के बावजूद स्कूलों में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। नजदीकी अन्य स्कूलों से शिक्षकों को पढ़ाने के लिए भेजा जाएगा। इसकी व्यवस्था खंड शिक्षा अधिकारी करेंगे।

पुष्कर टम्टा, जिला शिक्षा अधिकारी

यह भी पढ़ें- बिंदुखत्ता राजस्व गांव की मांग को लेकर हल्द्वानी में महारैली, 20 दिसंबर को हजारों लोग करेंगे हल्ला-बोल

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में बनेंगे कई फ्लाईओवर, लालकुआं-हल्द्वानी बाईपास को भी केंद्र की हरी झंडी