पानी का बिल 33 हजार से अधिक बकाया होने पर यूपी के पूर्व राज्यमंत्री के बेटे की कटी आरसी
राजस्व विभाग ने उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यमंत्री ठाकुर प्रेम प्रकाश सिंह के पुत्र शिववर्धन सिंह पर पेयजल का 33 हजार 645 रुपये जमा न करने पर आरसी काट दी है।
लालकुआं, जेएनएन : राजस्व विभाग ने उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यमंत्री ठाकुर प्रेम प्रकाश सिंह के पुत्र शिववर्धन सिंह पर पेयजल का 33 हजार 645 रुपये जमा न करने पर आरसी काट दी है। आरसी काटने के बाद विभाग ने जुर्माना वसूलने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह जानकारी तहसीलदार महेंद्र पाल सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि नगर के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में स्थित उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यमंत्री ठाकुर प्रेम प्रकाश सिंह के बेटे शिववर्धन सिंह के प्रतिष्ठान में स्थित पेयजल संयोजन का बिल लंबे समय से भुगतान नहीं किया गया है। उन पर पेयजल का 33 हजार 645 रुपये बकाया है। बकाया न देने पर उत्तराखंड जल संस्थान के अधिशासी अभियंता ने जिलाधिकारी के माध्यम से राजस्व विभाग को आरसी की कार्रवाई के लिए पत्र दिया है। बकाया जमा करने के लिए उनको नोटिस जारी किया गया था, लेकिन लंबा समय बीतने के बाद भी उक्त राशि राजस्व विभाग में जमा नहीं की गई है। जिसके चलते राजस्व विभाग ने वारंट काटने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वारंट कटने के बाद गिरफ्तारी की जाएगी। इधर, शिववर्धन के भाई जयवर्धन ने कहा कि जल संस्थान या राजस्व विभाग से आज तक कोई भी नोटिस नहीं मिला है। जिसके चलते उक्त बिल जमा नहीं हो पाया। राजस्व कार्यालय पहुंचकर बकाया भुगतान कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें : सरकारी गल्ला दुकानों को लेकर दायर याचिका पर हाईकोर्ट ने डीएम हरिद्वार से मांगा जवाब
यह भी पढ़ें : सितारगंज ब्लॉक प्रमुख को हाई कोर्ट का झटका, विशेष अपील भी खारिज