विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सूर्य के वायुमंडल में पहली बार मिला उत्तर-दक्षिण प्रवाह का प्रमाण, मिलेगी नई जानकारी

By ramesh chandraEdited By: Sachin Sharma
Published: Tue, 24 Nov 2026 06:30 AM (IST)

सूर्य के ऊपरी वायुमंडल में पहली बार उत्तर-दक्षिण प्लाज्मा प्रवाह (मेरिडियनल सर्कुलेशन) का पता चला है, जो सूर्य की गतिविधियों और अंतरिक्ष मौसम को समझने में महत्वपूर्ण होगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. सूर्य के ऊपरी वायुमंडल में उत्तर-दक्षिण प्रवाह की खोज।

  2. एरीज की सृंजना राउत को यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड मिला।

  3. यह खोज अंतरिक्ष मौसम और सौर चक्र समझने में सहायक।

रमेश चंद्रा, नैनीताल। सूर्य के ऊपरी वायुमंडल में पहली बार उत्तर-दक्षिण प्रवाह (मेरिडियनल सर्कुलेशन) का पता चला है। यहां प्लाज्मा गैसों का प्रवाह पांच से 15 मीटर प्रति सेकेंड तक पाया गया। यह खोज सूर्य के भीतर और ऊपरी वायुमंडल में होने वाली गतिविधियों, चुंबकीय क्षेत्र और अंतरिक्ष मौसम को समझने में मददगार हो सकती है।

आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज), नैनीताल की शोधार्थी सृंजना राउत को इस अध्ययन के लिए इंटरनेशनल यूनियन आफ रेडियो साइंस ने यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया है। सृंजना राउत ने बताया कि पृथ्वी के वायुमंडल में हवा का प्रवाह होता है, जबकि सूर्य पर प्लाज्मा गैसें बहती हैं।

सूर्य की भीतरी और ऊपरी सतहों पर गर्म गैसों का निरंतर प्रवाह रहता है। इसका एक महत्वपूर्ण हिस्सा उत्तर और दक्षिण दिशा में बढ़ता है, जिसे वैज्ञानिक भाषा में मेरिडियनल सर्कुलेशन कहा जाता है। सूर्य की सतह पर इस प्रवाह की जानकारी पहले से थी, लेकिन सृंजना ने सूर्य से करीब तीन हजार किमी ऊपर स्थित क्रोमोस्फीयर के वातावरण का अध्ययन किया। इसके लिए जापान के नोबेयामा रेडियोहेलियोग्राफ से मिली 17 गीगाहर्ट्ज रेडियो तरंगों के 27 वर्षों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया।

इनमें 1992 से 2020 तक के सूर्य के रेडियो चित्र शामिल थे। सृंजना के अनुसार, यह शोध अंतरिक्ष मौसम को समझने में मदद कर सकता है। अंतरिक्ष मौसम सूर्य से निकलने वाले सौर तूफान (सीएमई) से जुड़ा है, जो हवाई उड़ानों, सेटेलाइट और पृथ्वी के इलेक्ट्रानिक तथा इलेक्ट्रिकल ग्रिड के लिए खतरा बन सकते हैं।

अध्ययन से सूर्य के चुंबकीय क्षेत्र के निर्माण और उसके 11 वर्षीय सौर चक्र को समझने में भी मदद मिल सकती है। यह शोध ‘एस्ट्रोफिजिकल जर्नल’ में इसी साल जून में प्रकाशित हुआ है। एरीज के पूर्व निदेशक प्रो. दीपांकर बनर्जी के दिशा-निर्देश में हुए अध्ययन में अंशु कुमारी, रोहन बोस, वैभव पंत और दिव्या पालीवाल भी शामिल रहे।

यह भी पढ़ें- 'कलाकारों को बॉलीवुड का मुंह देखने की कोई मजबूरी नहीं', एक्टर संजय मिश्रा ने नैनीताल में शूटिंग की जताई इच्छा


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।