वन विभाग परिसर में हथिनियों का दंगल, 15 मिनट तक रहा दहशत का माहौल
आमडंडा मेें वन विभाग द्वारा कब्जे में ली गई दो हथिनी आपस में भिड़ गई। बीच बचाव में दो चारा कटर हाथी के हमले से घायल हो गए।
रामनगर, जेएनएन : आमडंडा मेें वन विभाग द्वारा कब्जे में ली गई दो हथिनी आपस में भिड़ गई। बीच बचाव में दो चारा कटर हाथी के हमले से घायल हो गए। चिंघाड़ मारकर करीब 15 मिनट तक वह आपस में लड़ती रही। उन्हें बेकाबू होते देख वन कर्मियों में हड़कंप मच गया। रानी हथिनी ने परिसर में सोलर लाइन भी क्षतिग्रस्त कर दी। जबकि दूसरी हथीनी भी घायल हो गई। घायल चारा कटरों को उपचार चल रहा है।
रामनगर वन प्रभाग ने हाइकोर्ट के आदेश पर रिसॉर्ट व निजी पालतू हथिनियों को कब्जे में ले रखा है। इन हथिनियों की देखरेख वन विभाग द्वारा आमडंडा वन निगम परिसर में की जा रही है। मंगलवार को लक्ष्मी व रानी को महावत पानी पिलाने के लिए ले जा रहे थे। इस बीच रानी उग्र हो गई तो वह समीप ही खड़ी लक्ष्मी से भिड़ गई। उनमें लड़ाई होने लगी तो महावत व चारा कटर उन्हें छुड़ाने लगे। रानी हथिनी ने बीच बचाव कर रहे चारा कटर अनिल कुमार पर हमला कर उसे घायल कर दिया। इसी बीच दूसरा चारा कटर शकील भी गिरने से घायल हो गया। चारा कटर के घायल होने से परिसर में मौजूद वन कर्मियों में हड़कंप मच गया। बमुश्किल हथिनियों को अलग-अलग किया गया। हमले में लक्ष्मी हथिनी भी घायल हो गई। घायल चारा कटरों को संयुक्त चिकित्सालय लाया गया। डीएफओ पीबी सिंह, वन बीट अधिकारी वीरेंद्र पांडे ने चिकित्सालय पहुंचकर घायलों की जानकारी ली। उपचार के बाद उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है।
हाथी ने टैंकर पर किया हमला, जंगल में छिपकर चालक ने बचाई जान
रामनगर : हाइवे पर टस्कर हाथी का उत्पात बढ़ता जा रहा है। मंगलवार सुबह उसने चौखुटिया जा रहे कैंटर पर हमला कर उसका दरवाजा तोड़ दिया। जंगल में अंधेरे में हाथी के बीच खुद को फंसा देखकर चालक को जान बचानी भारी पड़ गई। बमुश्किल वाहन छोड़कर वह जान बचाकर भागा। वाहन में रखी चीनी खाने के बाद वह जंगल को चला गया। हाथी से जाम भी लगा रहा।
जनपद अल्मोड़ा हरड़ा भोनखाल निवासी चालक गिरधर सिंह रावत रामनगर से तड़के तीन बजे कैंटर से ईंट व चीनी की बोरी ले जा रहे थे। मोहान के समीप हाइवे पर हाथी खड़ा दिख गया। लाइट देखकर हाथी वाहन की ओर दौड़ा तो चालक के होश उड़ गए। हाथी से बचने के लिए उसने वाहन से उतरकर अपनी जान बचाई। इसके बाद हाथी ने चालक सीट का दरवाजा तोड़ दिया। इतना ही नहीं वाहन में रखी बोरी फाड़कर उसने चीनी भी खायी। करीब 15 मिनट तक हाथी वाहन के समीप रूका रहा। हाथी के जंगल को जाने के बाद चालक वाहन को लेकर आगे बढ़ा। चालक ने मोहान वन विभाग के बेरियर पर हाइवे पर हाथी होने की जानकारी दी। इसके बाद वनकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन हाथी जंगल को चला गया था।
यह भी पढ़ें : पूनम पांडे हत्याकांड : दो युवतियों समेत तीन लोगों का होगा पॉलीग्राफ टेस्ट