फसल बर्बाद कर रहे हाथी को खेत से भगाना बुजुर्ग को पड़ा महंगा, जानिए फिर क्या हुआ
ग्राम कंचनपुर छोई में हाथी को खेत से भगाना एक बुजुर्ग किसान को भारी पड़ गया। हाथी ने घर के बाहर खेत पर किसान पर हमला कर दिया। किसान ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
रामनगर, जेएनएन : ग्राम कंचनपुर छोई में हाथी को खेत से भगाना एक बुजुर्ग किसान को भारी पड़ गया। हाथी ने घर के बाहर खेत पर किसान पर हमला कर दिया। किसान ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। हाथी ने घर तक उसका पीछा भी किया। चोटिल किसान को रेफर कर दिया गया है। हाथी के गांव में आने से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।
पिछले तीन दिनों से जंगल से हाथी ग्राम कंचनपुर छोई में आ रहा है। हाथी ने गांव में पूर्व खेल अधिकारी देवेंद्र भट्ट के घर के बाहर की चाहरदीवारी तोड़ दी थी। इसके बाद भाजपा नेता हेम जोशी के घर में तार का जाल तोड़कर गेहूं की फसल को रौंदा था। गुरुवार तड़के तीन बजे छोई निवासी घनश्याम पांडे को हाथी के खेत में आने की आहट हुई। वह हाथी को भगाने के लिए घर से बाहर गए। अचानक हाथी ने घनश्याम पर पीछे से हमला कर दिया। हाथी के हमले से जमीन पर गिरे घनश्याम ने खुद को संभाला और शोर मचाकर घर को भागे। हाथी भी बुजुर्ग के पीछे दौड़ा। लेकिन परिजनों के शोर मचाने पर हाथी वापस लौट गया। हमले में बुजुर्ग के कंधे व पसलियों में चोट आई। परिजनों ने उन्हें संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। इसके बाद परिजन उन्हें हायर सेंटर ले गए। सूचना मिलने पर रामनगर रेंज के रेंजर राजकुमार वर्मा ने चिकित्सालय पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि रात में वनकर्मी गांव में मुस्तैद रहकर हाथी को भगाएंगे।
यह भी पढ़ें : हाई कोर्ट में एनएच 74 घोटाला मामले के मुख्य आरोपित डीपी सिंह की जमानत मंजूर
यह भी पढ़ें : मोबाइल पर मोमो गेम खेलने के लिए विदेशी युवती ने बनाया दबाव, छात्र ने उठाया ये कदम