Uttarakhand News : किच्छा में मछली पकड़ने गए युवक को बेगुल डैम में खींच ले गया मगरमच्छ
Crocodile Dragged Young Man In Begul Dam ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा में मछली पकड़ने गए युवक को मगरमच्छ बेगुल डैम में खींच ले गया। जिसके बाद मत्स्य विभाग और पुलिस टीम ने नाव लेकर सर्च अभियान चलाया पर युवक का पता नहीं चल सका है।
किच्छा, जागरण संवाददाता : उधमसिंहनगर जिले में बढ़ती मगरमच्छाें की संख्या लोगों की जान पर आफत बनती जा रही है। अभी बीते माह ही खटीमा में मगरमच्छ बच्चे को नदी में खींच ले गया था, वहीं अब किच्छा के बेगुल डैम में बुधवार को एक युवक को घसीट ले गया। सूचना पर पहुंची मत्स्य विभाग की टीम ने नाव से युवक को ढूंढा, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
रिश्तेदारी के बच्चे के साथ मछली मारने गया था सुखरंजन
सुखरंजन उम्र 35 वर्ष पुत्र विकास हालदार निवासी नई बस्ती शाहदौरा थाना पुलभट्टा, ऊधमसिहंनगर बुधवार शाम मछली पकड़ने के लिए अपने 15 वर्षीय शक्तिफार्म निवासी रिश्तेदार के साथ बेगुल डैम की ओर गया था। फिशिंग के दौरान उसे मगरमच्छ पानी मे खींच कर ले गया।
सुखरंजन को मगरमच्छ डैम में खींच ले गया
सुखरंजन को मगरमच्छ के खींच ले जाने पर उसके साथ गया रिश्तेदार घबरा गया और बिना कुछ बोले देर शाम अपने घर शक्तिफार्म लौट आया। उसने स्वजनों को घटना की जानकारी दी तो हड़कंप मच गया। पुलभट्टा पुलिस भी सूचना मिलने पर लगभग नौ बजे मौके पर पहुंच गयी।
पुलिस और मत्स्य विभाग ने रात में ही डाला डेरा
मत्स्य विभाग को भी घटना की सूचना मिली तो विभाग के लोग भी आनन फानन में मौके पर पहुंच गए। विभाग के लोगों ने रात में ही नाव की व्यवस्था करनी शुरू की। बरा चौकी प्रभारी दिनेश भट्ट भी फोर्स के साथ मौके पर डेरा डाले रहे। उन्होंने बताया कि, जल्द ही नाव से खोजबीन शुरू की जाएगी। वहीं देर रात युवक को ढूंढने की कोशिश भी गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।