यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 27, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Mohammed Shami: नैनीताल में खाई में गिरी पर्यटक की कार, घायल की मदद को पहुंचे क्रिकेटर मोहम्मद शमी; खुद को बताया खुश किस्मत
Mohammed Shami In Nainital शनिवार शाम को मुरादाबाद निवासी अनुरूप सैनी कैंची धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। नैनीताल-कालाढूंगी ...और पढ़ें

HighLights
- शमी ने नैनीताल जाते समय हादसा देख मुरादाबाद के पर्यटक को बचाया
- हादसे में घायल के उपचार व मदद को जुटे क्रिकेटर मोहम्मद शमी
- इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर बताया- किसी को बचाकर खुश हूं
जागरण संवाददाता, नैनीताल। Mohammed Shami In Nainital: निजी दौरे पर शनिवार को नैनीताल पहुंचे भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी नारायण नगर क्षेत्र में हुए कार हादसे को देख चोटिल पर्यटक की मदद में जुट गए।
शमी ने अपनी कार रोककर घायल को खुद फर्स्ट एड देकर पुलिस की मदद से अस्पताल भी पहुंचाया। रात साढ़े दस बजे उन्होंने चोटिल पर्यटक की मदद करने पर खुद को खुश किस्मत बताते हुए इंस्टाग्राम पर वीडियो भी पोस्ट किया।
कैंची धाम से लौटते समय हादसा
शनिवार शाम को मुरादाबाद निवासी अनुरूप सैनी कैंची धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग में नारायण नगर के समीप पहुंचने पर अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर खाई की ओर उतर गई। गनीमत रही कि पेड़ से टकराकर कार गहरी खाई में जाने से बच गई। हादसे में अनुरूप चोटिल हो गए। इसी दौरान मोहम्मद शमी नैनीताल की ओर जा रहे थे।
घायल के हाथ में बांधी पट्टी
सामने हादसा देख उन्होंने अपनी कार रुकवाई और बाहर उतरकर राहत कार्य में जुटे। राहगीरों और पुलिसकर्मियों की मदद में लग गए। उन्होंने घायल अनुरूप से हालचाल जाना और अपनी कार से फर्स्ट एड किट मंगाकर उनके हाथ पर पट्टी भी बांधी।
घटना की वीडियो इंस्टाग्राम पर की साझा
इस पूरी घटना का वीडियो रात में उन्होंने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की है। इंटरनेट मीडिया पर शमी के तमाम प्रशंसकों ने उनके इस कार्य की जमकर प्रशंसा की है। इसके बाद शमी सेंट मैरी कालेज नैनीताल में पढ़ने वाली भतीजी फातिमा को लेने पहुंचे।
यह भी पढ़ें - Mohammed Shami: भतीजी को लेने नैनीताल के सेंट मैरी कॉलेज पहुंचे मोहम्मद शमी, क्रिकेटर को अचानक देख सब हो गए हैरान; खिंचवाई फोटो
भतीजी को सरप्राइज देने नैनीताल पहुंचे शमी
शमी की भतीजी फातिमा सातवीं और चचेरी बहन अमीरा छठी कक्षा में पढ़ती हैं। दरअसल फातिमा ने इस बार चाचा से शीतकालीन अवकाश पर उन्हें लेने के लिए नैनीताल आने को कहा था। इसलिए उसे सरप्राइज देने शमी यहां पहुंचे थे।
