Move to Jagran APP

भाजपा की सक्रियता के बाद कांग्रेस को याद आए एनडी तिवारी, हरीश रावत पहुंच गए पैतृक गांव

नारायण दत्त तिवारी उत्तराखंड से लेकर दिल्ली तक की राजनीति में एक बड़ा नाम। राज्य गठन के बाद 2002 में हुए पहले आम चुनाव में बाजी कांग्रेस के हाथ लगने पर एनडी को मुख्यमंत्री बनाया गया था। तब केंद्र में एनडीए की सरकार में अटल बिहारी वाजपेयी पीएम थे।

By Skand ShuklaEdited By: Published: Fri, 19 Nov 2021 02:09 PM (IST)Updated: Fri, 19 Nov 2021 05:59 PM (IST)
भाजपा की सक्रियता के बाद कांग्रेस को याद आए एनडी मिवारी, हरीश रावत पहुंच गए पैतृक गांव

गोविंद बिष्ट, हल्द्वानी : स्व. पंडित नारायण दत्त तिवारी, उत्तराखंड से लेकर दिल्ली तक की राजनीति में एक बड़ा नाम। राज्य गठन के बाद 2002 में हुए पहले आम चुनाव में बाजी कांग्रेस के हाथ लगने पर एनडी को मुख्यमंत्री बनाया गया था। तब केंद्र में एनडीए की सरकार में अटल बिहारी वाजपेयी पीएम थे। यह तिवारी के कद का प्रभाव ही था कि विरोधी दल की सरकार होने के बावजूद राज्य को केंद्र से भरपूर सहयोग मिला। यही वजह है कि एनडी के दुनिया से विदा होने के बाद अब चुनावी साल में उत्तराखंड की भाजपा सरकार उनके नाम को भुनाना चाहती है। इसलिए उनके नाम पर दो घोषणाएं भी हो चुकी है। इधर, भाजपा को सक्रिय देख कांग्रेस सम्मान समारोह आयोजित करने के साथ उनके पैतृक गांव तक पहुंच गई। ऐसे में आगे यह देखना और दिलचस्प होगा कि उनकी राजनीतिक विरासत को कौन भुना पाएगा।

loksabha election banner

उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के सीएम और आंध्र प्रदेश का राज्यपाल रहने के साथ एनडी तिवारी केंद्र में मंत्री भी रहे। सक्रिय राजनैतिक जीवन के दौरान देश की सियासत में उनकी तूती बोलती थी। जिसका फायदा राज्य बनने के बाद उत्तराखंड को भी हुआ। सिडकुल समेत अन्य बड़े विकास कार्यों की नींव उनके समय में पड़ी। 18 अक्टूबर 2018 को 93 साल की उम्र में उनका निधन हो गया था। अब चुनावी साल में स्व. तिवारी के कद को भुनाने में भाजपा लगातार प्रयासरत है।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पहले रुद्रपुर स्थित सिडकुल को उनके नाम पर रखने की घोषणा की। फिर हाल में काठगोदाम के पास स्थित एनडी के ननिहाल बल्यूटी गांव के संपर्क मार्ग को भी उनका नाम दिया गया। दूसरी ओर एनडी की राजनीतिक सक्रियता कम होने के बाद कांग्रेस ने उन्हें भुला सा दिया था। इधर,18 अक्टूबर को उनकी जयंती पर हल्द्वानी में बड़े स्तर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया। इसके बाद पूर्व सीएम हरीश रावत पदमपुरी स्थित उनके पैतृक गांव पहुंचे। जहां एनडी के रिश्तेदारों को सम्मानित कर उन्हें याद किया गया। इसके अलावा चुनावी सभाओं में कांग्रेसी नेता तिवारी के कार्यकाल में हुए कामों को गिनाना नहीं भूल रहे हैं।

रोहित को नहीं मिल पाई थी सियासी विरासत

पितृत्व विवाद के समाधान के बाद एनडी चाहते थे कि बेटा रोहित शेखर उनकी विरासत को आगे बढ़ाए। 2017 के चुनाव से पहले एनडी पत्नी उज्जवला व पुत्र रोहित के साथ हल्द्वानी पहुंच गए थे। तब हल्द्वानी या लालकुआं सीट से रोहित के चुनाव लडऩे की चर्चाएं भी हुई। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जन्मजात कांग्रेसी रहे एनडी तब पुत्र को लेकर भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से भी मिले। कहा जाने लगा था कि रोहित को भाजपा से टिकट मिल सकता है। आखिरकार बात कहीं नहीं बनी। अप्रैल 2019 में संदिग्ध परिस्थितियों में रोहित का निधन हो गया था। बाद में पत्नी अर्पूवा इस मामले में गिरफ्तार हुई थी।

भतीजे मनीषी भी हारे, अब दीपक सक्रिय

राजनीतिक दायरे से इतर पारिवारिक विरासत के लिहाज से देखें तो 2012 में एनडी के भतीजे मनीषी तिवारी ने गदरपुर से चुनाव लड़ा। तब वह हार गए थे और इसके बाद राजनीति से लगभग गायब रहे। अब एनडी के ममेरे भतीजे व कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया सक्रिय राजनीति में है। मूल रूप से बल्यूटी गांव निवासी दीपक बल्यूटिया के घर में ही एनडी तिवारी का जन्म हुआ था। तिवारी के सानिध्य में ही दीपक ने 1993 में यूथ कांग्रेस से शुरुआत की। एनडी के जन्मदिन पर वह हल्द्वानी में दो बार बड़े आयोजन भी करा चुके हैं। वहीं, केंद्रीय पर्यवेक्षकों के समक्ष वह हल्द्वानी सीट से दावेदारी भी जता चुके हैं। दूसरी ओर हल्द्वानी सीट पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्व. इंदिरा हृदयेश के बेटे सुमित भी दावेदारी कर चुके हैं। एनडी के सीएम रहते डा. इंदिरा को अघोषित डिप्टी सीएम के तौर पर देखा जाता था। इंदिरा का प्रभाव ही था कि विकास कार्य व नीतिगत फैसलों में भी उनकी बात को प्राथमिकता दी जाती थी। ऐसे में इंदिरा के निधन के बाद सुमित की दावेदारी सहानुभूति के आधार पर भी हो रही है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.