विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएम धामी ने किया जमरानी बांध परियोजना का निरीक्षण, कहा- सिंचाई व पेयजल आपूर्ति में मील का पत्थर साबित होगी

Published: Thu, 05 Feb 2026 10:40 AM (IST)

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल में जमरानी बांध परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। धामी ने कहा कि यह परियोजना सिंचाई और पेयजल आपूर्ति में मील का पत्थर साबित होगी, साथ ही रोजगार व पर्यटन को बढ़ावा देगी। उन्होंने केंद्र सरकार और स्थानीय निवासियों का आभार व्यक्त किया। परियोजना जून 2029 तक पूरी होने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना का किया निरीक्षण. Jagran

मुख्यमंत्री ने जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना का किया निरीक्षण. Jagran

HighLights

  1. मुख्यमंत्री धामी ने जमरानी बांध परियोजना का निरीक्षण किया

  2. सिंचाई, पेयजल आपूर्ति में यह परियोजना मील का पत्थर

  3. परियोजना जून 2029 तक पूर्ण करने का लक्ष्य

संवाद सहयोगी, भीमताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के भ्रमण के दौरान गोला नदी में सिंचाई, पेयजल आदि के लिए बनाए जा रहे जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कराए जा रहे कार्यों के बारे में अधिकारियों एवं विशेषज्ञों से जानकारी ली। परियोजना की प्रगति, समयबद्धता एवं गुणवत्ता से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए तय समय पर कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की सकारात्मक सोच के साथ पर्यावरणीय एवं तकनीकी कठिनाइयों को दूर किया गया। प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने जन भावनाओं के अनुरूप जमरानी बांध को स्वीकृति दी, उन्होंने जमरानी बांध परियोजना को आगे बढ़ाने में सहयोग करने वाले सभी स्थानीय निवासियों, जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

जनता को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार योजनाओं को कागजों से निकाल कर धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है। हम कागजों पर नही बल्कि काम पर विश्वास करते हैं। सरकार जनहित से जुड़े मुद्दों पर अड़चन व धनराशि की परवाह न करते हुए अड़चनों को दूर करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। राज्य में एक भी योजना अधूरी नहीं रहेगी, जनभावनाओं को देखते हुए सभी योजनाओं को प्राथमिकता से पूर्ण किया जा रहा है।

जमरानी बांध परियोजना हमारी समृद्धि का प्रतीक है। उत्तराखण्ड राज्य को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने में जमरानी बांध का भी बहुत बड़ा योगदान होगा और यह राज्य के प्रगति पथ पर आगे बढ़ने का उदाहरण है। जमरानी बांध के निर्माण से जहां एक ओर सिंचाई एवं पेयजल की सुविधा प्राप्त होगी, वहीं यहां के युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। यहां पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगो की मांग है कि इस परियोजना से विद्युत का भी उत्पादन हो, इस संबंध में केंद्र सरकार से वार्ता की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से कुमाऊं के तराई क्षेत्र के साथ ही उत्तर प्रदेश के किसानों एवं क्षेत्र वासियों को भी इसका लाभ मिलेगा। साथ ही इस परियोजना से अनेक गतिविधियां बढ़ेंगी। इस दौरान जमरानी बांध परियोजना के महाप्रबंधक महेश खरे द्वारा अवगत कराया गया कि परियोजना अंतर्गत दो टनलों का निर्माण कार्य लगभग 88 प्रतिशत तक पूर्ण कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त नदी के पानी के डायवर्सन हेतु कॉफर डैम का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।

उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जून 2026 तक टनल निर्माण एवं कृत्रिम डैम का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। जिसके उपरांत आगामी मानसून में नदी का पानी टनलों के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद स्थायी बांध के निर्माण कार्य को प्रारंभ कर उसे तेजी से किया जाएगा। उन्होंने अवगत कराया कि जमरानी बांध परियोजना का समस्त निर्माण कार्य जून 2029 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस हेतु कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस दौरान विधायक कालाढुंगी बंशीधर भगत, अध्यक्ष जिला पंचायत दीपा दर्मवाल, दर्जा राज्यमंत्री डा अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्य, नवीन वर्मा, दीपक मेहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र बिष्ट, ब्लाक प्रमुख डा हरीश बिष्ट, केडी रूबाली, मण्डलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डा मन्जूनाथ टीसी समेत कई लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- सीएम धामी का जन-जन की सरकार अभियान हिट, 5.62 लाख व्यक्तियों को मिला फायदा

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी पर जमकर बरसे सीएम धामी, बोले- रवनीत सिंह बिट्टू को 'गद्दार' कहना उनके अहंकार का प्रतीक है

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।