चुनावी रंजिश में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष समेत छह आरोपितों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
चुनावी रंजिश में ट्रांजिट कैंप निवासी युवक से मारपीट करने के आरोपित ऊधमसिंहनगर के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष समेत छह लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रुद्रपुर, जेएनएन : चुनावी रंजिश में ट्रांजिट कैंप निवासी युवक से मारपीट करने के आरोपित ऊधमसिंहनगर के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष समेत छह लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस के मुताबिक ट्रांजिट कैंप निवासी संजय कुमार ने बताया था कि 22 नवंबर 2018 की रात एक बजे वह घर के पास खड़ा था। इसी बीच ट्रांजिट कैंप निवासी विक्की सरकार, गौरव दास, धीरज दास वहां पहुंचे। उन्होंने चुनावी रंजिश में उस पर हॉकी और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद उत्तम दत्ता और विजय डे ने भी उससे मारपीट की। साथ ही उससे 1500 रुपये भी छीन लिए। इसकी शिकायत उसने पुलिस से की लेकिन राजनैतिक दबाव के कारण कार्रवाई नहीं हुई। संजय का आरोप है कि आठ जुलाई 2019 की रात वह किसी काम से पंतनगर सिडकुल की ओर जा रहा था। इसी बीच रास्ते में गौरव दास, संजू दत्ता, मोहित गुप्ता, रामगुप्ता ने हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर मचाने पर आरोपित उससे पांच हजार की नकदी और सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। इस मामले की तहरीर उसने ट्रांजिट कैंप पुलिस को दी लेकिन मुकदमा नहीं हुआ।
इधर, कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने गुरुवार को भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष उत्तम दत्ता, गौरव दास, विक्की सरकार, मोहित गुप्ता, विजय डे, धीरज दास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष विद्यादत्त जोशी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष समेत छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। विवेचना की जा रही है। उसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।