नैनीताल में लापता अर्नव सिंह के परिवार ने कैंचीधाम में लगाई अर्जी, बेटे की तलाश के लिए एक लाख का इनाम रखा
नैनीताल की नयना पीक से बीटेक छात्र अर्नव सिंह 20 दिन से लापता हैं। हताश परिवार ने कैंचीधाम में अर्जी लगाई और बेटे की सूचना देने पर 50 हजार व सुरक्षित लाने पर एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है।

अर्नव की सही सलामती की अर्जी लगाने घोड़ाखाल गोल्ज्यू मंदिर पहुंचे स्वजन। जागरण
HighLights
बीटेक छात्र अर्नव सिंह नैनीताल से 20 दिन से लापता।
परिवार ने कैंचीधाम, गोल्ज्यू मंदिर में लगाई बेटे की अर्जी।
सूचना देने पर 50 हजार, सुरक्षित लाने पर एक लाख इनाम।
जागरण संवाददाता, नैनीताल। शहर की नयना पीक चोटी पर ट्रेकिंग के दौरान लापता हुए बीटेक छात्र अर्नव सिंह का 20 दिन बाद भी कोई सुराग न लगने से स्वजन बेहद हताश और निराश हैं। पुलिस जांच से निराश होकर स्वजन ने घोड़ाखाल स्थित गोल्ज्यू मंदिर और कैंची धाम पहुंचकर अर्नव की सकुशल वापसी की अर्जी लगाई है। पिता ने बेटे की सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये और सही सलामत लाने वाले को एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की है।
यह है पूरा मामला
बिहार मूल का अर्नव सिंह छह नवंबर से नयना पीक ट्रेकिंग मार्ग से लापता है। पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमों ने जंगल व गहरी खाइयों में सघन सर्च अभियान चलाने के साथ ही ड्रोन से भी तलाश की, लेकिन छात्र का कुछ पता नहीं चल सका।
पिछले 20 दिनों से 19 वर्षीय अर्नव के पिता, उसके तीन दोस्त और अन्य स्वजन कोतवाली के चक्कर काटने के लिए मजबूर हैं। अब निराश पिता पंकज कुमार ने पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। बुधवार को उन्होंने कहा कि पुलिस केवल एक ही दिशा में जांच कर रही है।
उन्होंने बेटे के गुम होने के दो दिन बाद तक उन्हें सूचना न देने, गुमशुदगी के बाद लंबे समय तक मांग करने के बावजूद उसका सिम कार्ड बंद रखने और जांच अधिकारी (आईओ) की ओर से अवकाश पर जाने के दौरान केस किसी अन्य अधिकारी को देने जैसे संगीन आरोप लगाए। पिता का कहना है कि पुलिस के पास अर्नव की तलाश के लिए कोई दैनिक रोडमैप नहीं है और न ही उन्हें जांच की रोजाना की प्रगति बताई जाती है।
17 नवंबर को उन्होंने जांच में तेजी लाने की मांग को लेकर एसएसपी मंजूनाथ टीसी से भी मुलाकात की थी, लेकिन उनके निर्देशों के बाद भी जांच में कोई सुधार नहीं आया है। उन्होंने ट्रेकिंग मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे और दिशा-सूचक (साइनेज) न होने को लेकर वन विभाग की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली से निराश होकर अर्नव और उसके दोस्तों के स्वजनों ने अब घोड़ाखाल गोल्ज्यू मंदिर व कैंची धाम में उसकी सलामती के लिए गुहार लगाई है। इसके साथ ही स्वजन अब व्यक्तिगत स्तर पर भी उसकी तलाश में जुट गए हैं। उन्होंने रातीघाट, भवाली, कैंची धाम, नैनीताल टैक्सी स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अर्नव के पोस्टर चस्पा कर खुद भी खोजबीन शुरू कर दी है।
पिता पंकज कुमार ने अर्नव को खोजने के लिए इनाम की घोषणा करते हुए कहा कि उसकी सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये और उसे सही-सलामत कोतवाली लाने वाले को एक लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस के साथ ही एसडीआरएफ, फायर, डाग स्क्वाड व ड्रोन टीमों ने भी पूरे जंगल में सर्च कर लिया है। विभागीय ग्रुप व डीसीआरबी द्वारा भी अन्य जिलों, प्रदेश की पुलिस से संपर्क स्थापित कर छात्र के गुम होने की सूचना प्रसारित की जा रही है। छात्र को तलाश करने में पुलिस के प्रयासों में कमी नहीं है।
-जगदीश चंद्र, एसपी नैनीताल
यह भी पढ़ें- नैनीताल में 150 किमी से अधिक चलकर जंगल छाना, 30 कैमरों के फुटेज खंगालने पर भी छात्र अर्नव सिंह का सुराग नहीं
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।