ब्लॉक प्रमुख ने ली शपथ, बोले - सभी क्षेत्रों का समान रूप से कराएंगे विकास
हल्द्वानी विकासखंड के नव निर्वाचित ब्लाक प्रमुख आनंद सिंह दरम्वाल का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को ब्लाक परिसर में संपन्न हुआ।
हल्द्वानी, जेएनएन : हल्द्वानी विकासखंड के नव निर्वाचित ब्लाक प्रमुख आनंद सिंह दरम्वाल का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को ब्लाक परिसर में संपन्न हुआ। 14 जनवरी को विकासखंड के क्षेत्र पंचायत प्रमुख के लिए हुए उप निर्वाचन में सहायक रिटरनिंग अधिकारी नियुक्त किए गए सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय ने नये ब्लाक प्रमुख को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
विकासखंड मुख्यालय में पंचायती राज मंत्री अरविंद पांडे, पूर्व सांसद बलराज पासी, बच्ची सिंह रावत, विधायक बंशीधर भगत सहित भाजपा नेताओं की मौजूदगी में नव निर्वाचित ब्लाक प्रमुख आनंद सिंह दरम्वाल ने शपथ ली। उन्होंने कहा कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं जनता ने क्षेत्र के विकास का जो दायित्व उन्हें सौंपा है उसका पूरी निष्ठा व ईमानदारी से पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समय भले ही कम है, लेकिन पूरी मेहनत से विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास परक योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों को लाभांवित करना उनकी पहली प्राथमिकता है। सभी क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य संचालित कराए जाएंगे और जो कार्य चल रहे हैं उन्हें तेजी से पूरा कराया जाएगा।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद पंचायतीराज मंत्री अरविंद पांडे ने नव निर्वाचित ब्लाक प्रमुख को बधाई दी। साथ ही आश्वासन दिया कि हल्द्वानी विकासखंड के विकास में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी, ब्लाक के किसी भी प्रस्ताव को रोका नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सभी बीडीसी सदस्यों को सकारात्मक सोच रखते हुए आगे बढऩा होगा। साथ ही विकासखंड हल्द्वानी में कनिष्ठ प्रमुख का निर्वाचन भी जल्द होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, मंडी विपणन बोर्ड के अध्यक्ष गजराज बिष्ट, पार्षद प्रमोद तोलिया, मनोज साह, प्रकाश हरबोला, सुरेश तिवारी, चन्दन बिष्ट, विजय मनराल, प्रकाश रावत, प्रताप बोहरा, शांति भट्ट सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : धरातल पर जीरो, बयानबाजी में हीरो : आइएसबीटी पर गंभीर नहीं सरकार