Move to Jagran APP

भाजपा को कुमाऊं में खलेगी सर्वमान्य नेता की कमी

पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त होने से भाजपा के आम से लेकर खास उत्साहित है।

By Edited By: Published: Sun, 01 Sep 2019 10:03 PM (IST)Updated: Mon, 02 Sep 2019 05:58 PM (IST)
भाजपा को कुमाऊं में खलेगी सर्वमान्य नेता की कमी

किशोर जोशी, नैनीताल। पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त होने से भाजपा के आम से लेकर खास कार्यकर्ता, सियासी विरोधी भी उत्साहित हैं। मगर उत्साही कोश्यारी समर्थक के साथ ही तमाम स्तरों पर कौन पूर्व सीएम की तरह आम जन की पीड़ा समझेगा व समर्थक कार्यकर्ताओं की सियासी नैया पार लगाएगा, इसकी चिंता भी है। दरअसल, पूर्व सीएम कोश्यारी कुमाऊं से भाजपा में इकलौते नेता हैं, जो कार्यकर्ताओं के साथ ही आम जन में लोकप्रिय हैं। उनकी सादगी और आसानी से जनता की नब्ज पकड़ने का सियासी कौशल उन्हें खास बनाता है। कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत के निधन के बाद कुमाऊं में पूर्व सीएम कोश्यारी ही भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों को खुद के सियासी वजूद को बनाए रखने में उत्प्रेरक का काम करते रहे हैं। अब उनके राज्यपाल बनने से उनके समर्थक भले ही उत्साह से लबरेज हों, मगर अब उन्हें भाजपा संगठन में आगे बढ़ने का सियासी संरक्षण कौन प्रदान करेगा, इसको लेकर चिंता भी है। विरोधियों का नहीं रोका सियासी रास्ता कुमाऊं के हर जिलों, कस्बों से लेकर गांव-गांव तक पार्टी संगठन के पुराने कार्यकर्ताओं से लेकर समर्थकों की भरमार है।

कोश्यारी ने संगठन को गांव-गली मोहल्लों तक मजबूती प्रदान की। कभी संगठन में विरोधियों को चुटीले अंदाज में निशाने पर लिया हो, मगर उनके सियासत में आगे बढ़ने का रास्ता रोकने की कभी कोशिश नहीं की, उनके राज्यपाल बनने के बाद सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ लोकप्रियता का नमूना भर है। पुनेठा का कब होगा पुनर्वास कुमाऊं में जनसंघ के बाद भाजपा में सक्रिय, रामजन्म भूमि आंदोलन में भागीदारी करने वाले अधिकांश पार्टी नेताओं का किसी न किसी स्तर पर पुनर्वास हो चुका हो, मगर कुमाऊं में कोश्यारी के साथी लोहाघाट के पूर्व विधायक कृष्ण चंद्र पुनेठा का अब तक भाजपा संगठन द्वारा सरकार में पुनर्वास नहीं किया गया। पुनेठा रामजन्म भूमि आंदोलन में 15 दिन जेल में रहे जबकि 1991 व 1996 में पिथौरागढ़ सीट से विधायक रहे। राज्य बनने के बाद अंतरिम सरकार में हिल्ट्रान के अध्यक्ष रहे। भाजपाइयों में हर्ष की लहर पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त होने पर पार्टी कार्यकर्ता व समर्थकों में हर्ष की लहर दौड़ गई है। विधायक संजीव आर्य ने कहा कि भगतदा के महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्य का राज्यपाल बनकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तराखंड वासियों को गौरवान्वित किया है। साथ ही राष्ट्रीयस्तर पर पहाड़ को नई पहचान मिली है। पूर्व दर्जा मंत्री शांति मेहरा, नगर अध्यक्ष मनोज जोशी, पूर्व अध्यक्ष जगदीश बवाड़ी, वरिष्ठ नेता अरविंद पडियार, नितिन कार्की, उमेश गडि़या, भूपेंद्र बिष्ट, कुंदन बिष्ट, विमल बिष्ट, आनंद बिष्ट, गोपाल रावत, विमला अधिकारी, तुलसी कठायत, दयाकिशन पोखरिया, भुवन हरबोला, देवेंद्र ढैला समेत अन्य ने हर्ष जताते हुए मोदी-शाह का आभार प्रकट किया है।

यह भी पढ़ें : उपलब्धि : भगतदा को कुमाऊं से तीसरे राज्यपाल बनने का गौरव


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.