रानीबाग के ग्रामीणों ने कहा, आदमाखोर है तेंदुआ, वन विभाग जल्द पकड़े
उच्चाधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मंगलवार शाम रामपुर रोड स्थित पालम सिटी कालोनी में तेंदुए को पकडने के लिए पिंजरा लगा दिया।
हल्द्वानी, जेएनएन : रानीबाग के सोनकोट व प्रतापगढ़ी में पिछले दो सप्ताह से तेदुआ दिखाई देने से ग्रामीण दहशत में हैं। क्षेत्रवासियों ने तेदुए को आदमखोर बताते हुए प्रशासन से उसे पकड़वाए जाने की मांग की है। बुधवार को एडीएम को ज्ञापन सौंपते लोगों ने कहा कि क्षेत्र में कई दिनों से नरभक्षी तेदुआ दिखाई दे रहा है। 23 जून को तेदुए ने भगवती देवी को मौत के घाट उतार दिया था। महिला अपने बेटे के साथ पास के भूमिया मंदिर में जा रही थी। सुबह 10 बजे के समय हुई वारदात से लोग सहमे हुए हैं। भय के कारण लोगों का घरों ने निकलना मुश्किल हो रहा है। ज्ञापन में ग्राम प्रधान कलावती थापा, क्षेत्र पंचायत सदस्य पूनम गोस्वामी, संदीप राणा, डाॅ केदार पलड़िया, आनंद कुजरवाल, महेश सिंह भंडारी, पवन लाल साह, संजय साह आदि के हस्ताक्षर हैं।
वहीं उच्चाधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मंगलवार देर शाम रामपुर रोड स्थित पॉश कॉलोनी पालम सिटी में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगा दिया है। आज एक पिंजड़ा और लगाया जाएगा। वन विभाग ने लोगों से रात में बाहर नहीं निकलने की अपील भी की है। पालम सिटी की दीवार पर बीस दिन पूर्व तेंदुए ने दस्तक दी थी। इसके बाद रविवार सुबह बगल में स्थित दीवार पर भी गुलदार दिखा। देर शाम तक वह तीन बार केशवकुंज स्थित कॉलोनी भी पहुंचा। जिसके बाद वन विभाग की टीम उसकी लोकेशन ट्रेस करने को पहुंची, मगर उसे पकड़ने का कोई उपाय नहीं किया गया।
सोमवार रात तेंदुआ फिर से पालम सिटी की दीवार पर दो घंटे से ज्यादा समय तक घूमता रहा। उसके बाद रात में मानपुर पश्चिम गांव में खेत में छिपा रहा। रातभर खेतों में उसका मूवमेंट देख लोगों में दहशत बढ़ती गई। लोगों के मुताबिक तेंदुए का पूरा कुनबा आबादी इलाके में घूम रहा है। बच्चों संग होने की वजह से उसके अक्रामक होने की संभावना और बढ़ जाती है, मगर गनीमत रही कि उसने किसी पर हमला नहीं किया।
मंगलवार को स्थानीय पार्षद राजेंद्र नेगी ने फॉरेस्ट दफ्तर पहुंच पिंजड़े के जरिये तेंदुए को काबू में करने की मांग की। साथ ही अधिकारियों को भी पूरे मामले से अवगत कराया। इधर, रेंजर उमेश आर्य शाम के वक्त टीम को लेकर पालम सिटी पहुंच गए। जिसके बाद दीवार के पास एक पिंजड़ा लगाया गया। रेंजर के मुताबिक वनकर्मी लगातार तेंदुए का मूवमेंट चेक कर रहे हैं। आज जंगल की तरफ भी एक पिंजड़ा फिट किया जाएगा।
भारतीय सीमा पर 89 नई बीओपी चौकी खोलेगा नेपाल, 10 हजार जवानों से बढ़ाएगा चौकसी
चारधाम देवस्थानम बोर्ड के खिलाफ हाईकोर्ट में दायर स्वामी की याचिका पर सुनवाई जारी