Roorkee के गेस्ट हाउस में फंदे पर लटका मिला यूट्यूबर का शव, यूट्यूब पर चार लाख फॉलोअर्स
मुजफ्फरनगर के यूट्यूबर आतिफ (32) का शव कलियर के एक गेस्ट हाउस में पंखे से लटका मिला। उनके इंस्टाग्राम पर ...और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, कलियर। पिरान कलियर स्थित एक गेस्ट हाउस में गुरुवार सुबह मुजफ्फरनगर निवासी यूट्यूबर आतिफ (32) का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। आतिफ के इंस्टाग्राम पर करीब चार लाख फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने वाले आतिफ की मौत की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जिले के गांव निराना निवासी आतिफ इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाता था। बताया जा रहा है कि वह एक युवती और उसके भाई के साथ रहता था। युवती से किसी बात को लेकर उसकी नाराजगी हो गई थी। इसके बाद बुधवार रात करीब 11 बजे आतिफ कलियर पहुंचा और एक गेस्ट हाउस में कमरा किराये पर ले लिया।
युवती ने की आतिफ को वीडियो कॉल
बताया गया कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे युवती ने आतिफ को वीडियो कॉल की। इस दौरान आतिफ ने कथित तौर पर फंदे से लटककर जान देने की बात कही। इसके बाद युवती ने दूसरे मोबाइल फोन से वीडियो कॉल के माध्यम से आतिफ के भाई को घटनाक्रम दिखाया। भाई ने वीडियो का स्क्रीनशॉट लेकर परिजनों को भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही आतिफ के परिजन कलियर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को मामले से अवगत कराया। परिजनों से मिली जानकारी और लोकेशन के आधार पर पुलिस गेस्ट हाउस पहुंची, जहां कमरे में आतिफ का शव पंखे से लटका मिला। पुलिस ने मौके से जरूरी जानकारी जुटाने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
