Possitive India: कोरोना की जंग में मास्क बनाकर मातृ शक्ति दे रही योगदान
कोरोना वायरस के खिलाफ जंग लड़ने में शहर की मातृशक्ति भी अपना योगदान दे रही है। महिलाओं और युवतियों की ओर से मास्क बनाकर तैयार किए जा रहे हैं।
रुड़की, जेएनएन। कोरोना वायरस के खिलाफ जंग लड़ने में शहर की मातृशक्ति भी अपना योगदान दे रही है। महिलाओं और युवतियों की ओर से मास्क बनाकर तैयार किए जा रहे हैं। इन मास्क को पुलिस से लेकर सफाई कर्मचारियों को दिया जा रहा है। इसके अलावा फल एवं सब्जी के रेहड़े लगाने वालों को भी इन्हें बांटा जा रहा है।
कोरोना वायरस महामारी के कारण शहर से लेकर देहात में मास्क की किल्लत हो गई है। वहीं आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों के लिए सुरक्षा की दृष्टि से मास्क लगाना जरूरी है। ऐसे में शहर की कुछ महिलाएं और युवतियां मास्क की कमी को पूरा करने के लिए अपने स्तर से प्रयास कर रही हैं।
मातृ शक्ति अपने हाथों से मास्क बना रही हैं और जरूरतमंद लोगों को इन्हें बांट रही हैं। स्वदेशी जागरण मंच की कुछ सदस्यों की ओर से भी अपने-अपने घरों में मास्क तैयार कर इस संकट की घड़ी का डटकर सामना करने के लिए योगदान दिया जा रहा है।
स्वदेशी जागरण मंच की जिला महिला प्रमुख नीरज सिंह अब तक 80 से अधिक मास्क बांट चुकी हैं। मालवीय चौक निवासी नीरज सिंह बताती हैं कि उनके घर में सूट, ब्लाउज आदि के जो सूती कपड़े उपलब्ध हैं उनसे वे टू लेयर के मास्क बना रही हैं।
बताया कि शुरुआत में उन्होंने घर पर कूड़ा उठाने वाले कर्मचारी को मास्क दिया। वहीं सब्जी की रेहड़ी वाले भी मास्क लगाकर नहीं आ रहे थे, जबकि उनके लिए भी मास्क जरूरी है। ऐसे में उन्होंने कुछ सब्जी विक्रेताओं को भी मास्क बांटे।
उनके अनुसार लॉकडाउन में इधर-उधर घूमकर मास्क बांटना उचित नहीं है। इसलिए उन्होंने गंगनहर थाने जाकर 70 मास्क दिए हैं। बताया कि उन्होंने और उनके संगठन की सदस्य सुनीता ने मिलकर 100 मास्क बनाए थे। उनके अलावा संगठन की बबीता राजपूत, चांदनी अग्रवाल, रजनी शर्मा, हिमानी आदि अपने-अपने घरों में मास्क बना रही हैं।
बताया कि जो कोई भी उनसे मास्क की मांग करेगा, कपड़े की उपलब्धता के आधार पर उन्हें मास्क बनाकर देने का प्रयास किया जाएगा। इसी प्रकार से जागृति आल इंडिया वुमेंस कान्फ्रेंस उपशाखा रुड़की की यूथ ब्रिगेड और श्री सनातन धर्म प्रकाश चंद कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की एनएसएस की स्वयंसेवियों ने भी खुद घर में तैयार करके 600 से अधिक मास्क बनाकर नगर निगम को दिए हैं।
यह भी पढ़ें: Positive India: कोरोना से लड़ने को महिलाएं घर पर ही बना रहीं हैं डबल लेयर मास्क
यूथ ब्रिगेड की सचिव एवं एनएसएस की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. भारती शर्मा ने बताया कि जिन लड़कियों को सिलाई आती है उन्होंने यू-ट्यूब में देखकर अपने-अपने घरों में रहकर सूती कपड़ों के मास्क तैयार किए हैं। बताया कि एनएसएस की आकांक्षा, भावना, आरती, मोनी और यूथ ब्रिगेड की वसुधा, नीशू, पूजा आदि ने इन्हें तैयार किया है। नगर निगम को इनकी ओर से तैयार मास्क और सेनिटाइजर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: Positive India: गीत गाकर लोगों को जागरूक कर रहे पौड़ी के एसएसपी दलीप सिंह कुंवर