अभिरक्षा से भाग रहे गो तस्कर ने सिपाही को ट्रैक्टर से कुचला
तस्कर पुलिस की अभिरक्षा से फरार होने के बाद पीछा कर रहे सिपाही को ट्रैक्टर से कुचल दिया और फरार हो गया। आरोपित को दो सिपाही बाइक से रुड़की जेल छोड़ने आ रहे थे।
रुड़की, जेएनएन। गोकशी के वांछित आरोपित ने पुलिस की अभिरक्षा से फरार होने के बाद पीछा कर रहे सिपाही को ट्रैक्टर से कुचल दिया और फरार हो गया। आरोपित को लक्सर कोतवाली के दो सिपाही बाइक से रुड़की जेल छोड़ने आ रहे थे। लंढौरा में एक ईंट भट्टे के पास यह मामला हुआ। गंभीर हालत में सिपाही को ऋषिकेश के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मामले में पुलिसकर्मी त्रेपन सिंह ने मंगलौर कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि फरार आरोपित शहजान के खिलाफ जानलेवा हमला करने व पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
लक्सर कोतवाली पुलिस ने 25 अक्टूबर को गोकशी के मामले में एक आरोपित गिरफ्तार किया था, जबकि दूसरा आरोपित शहजान पुत्र जिशान निवासी जौरासी, कोतवाली सिविललाइंस से फरार हो गया था। गुरुवार की रात को पुलिस ने गोकशी के वांछित आरोपित शहजान को जौरासी गांव से गिरफ्तार किया था। शुक्रवार की दोपहर लक्सर कोतवाली पुलिसकर्मी बलदेव चौहान और त्रेपन ङ्क्षसह उसे कोर्ट में पेश करने के बाद रुड़की जेल ले जा रहे थे।
दोनों पुलिसकर्मियों ने उसे बाइक पर बीच में बैठा रखा था। जैसे ही दोपहर करीब दो बजे उनकी बाइक लंढौरा कस्बे के पास पहुंची तो गड्डे में बाइक धीमी करनी पड़ी। इसका फायदा उठाते हुए शहजान ने बाइक को अनियंत्रित करा दिया। जिससे बाइक नीचे गिर गई। बाइक के नीचे गिरते ही दोनों सिपाहियों ने उसे पकडऩे का प्रयास किया लेकिन वह उन्हें धक्का देकर पैदल ही भाग निकला। आरोपित को भागते देख दोनों सिपाहियों ने उसका पीछा किया।
लंढौरा रोड पर ही आरोपित एक ईंट के भट्टे में घुस गया। आरोपित ने वहां पर खड़े ट्रैक्टर को स्टार्ट किया और वहां से भागने लगा। बलदेव ङ्क्षसह ने उसे पकड़ने का प्रयास किया ,लेकिन आरोपित ने सिपाही बलदेव चौहान को ट्रैक्टर से कुचल दिया। सिपाही को कुचलने के बाद आरोपित वहां से भाग निकला। जबरदस्तपुर गांव में मजार के पास ट्रैक्टर छोड़कर आरोपित फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: पुलिस के हत्थे चढ़ा वाहन चोर, मौके से ट्रक भी बरामद
घटना की सूचना दूसरे सिपाही ने अधिकारियों को दी। जिसके बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। घायल सिपाही को सिविल अस्पताल रुड़की ले जाया गया। उसकी हालत नाजुक होने पर फिर उसे ऋषिकेश एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें: वाहन चोरों के सात सदस्यीय गैंग का पर्दाफाश, पांच सदस्य निकले नाबालिग Dehradun News