रुड़की में ऊर्जा निगम का बकायेदारों पर प्रहार, एक दिन में ही 762 की काटी बिजली
ऊर्जा निगम ने रुड़की, मंगलौर, रामनगर और भगवानपुर डिवीजनों में बकाया बिजली बिल जमा न करने वाले 762 बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

धनौरी सब डिवीजन में कनेक्शन कटवाते एसडीओ अश्वनी कुमार। निगम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुड़की। ऊर्जा निगम का बकाया चुकता नहीं करने वाले बकायेदारों पर निगम ने अब शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
शनिवार को निगम की टीमों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 762 बकायेदारों के बिजली गुल कर दी।
इतना ही नहीं बकायेदारों ने मोहल्लत मांगने के लिए निगम के अधिकारियों पर जनप्रतिनिधियों से दबाव बनवाने की कोशिश की, लेकिन निगम के अधिकारियों ने दबाव मानने से मना कर दिया। वहीं, शाम तक बकायेदार बिल जमा करते हुए नजर आए।
ऊर्जा निगम की ओर से बकाया वसूली को लेकर अब सभी टीमों को मैदान में उतार दिया है। अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत ने रविवार को सभी अधिशासी अभियंताओं और सहायक अभियंताओं को फील्ड में रहकर राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए।
वहीं, निगम की ओर से बकायेदारों से बकाया मांगने पर नहीं देने पर अब उनके मीटर उतारने शुरू कर दिए है। साथ ही, उनके कनेक्शन को काटना शुरू कर दिया है।
रुड़की, मंगलौर, रामनगर एवं भगवानपुर डिवीजन में 32 टीमों की ओर से 762 बकायेदारों की बिजली गुल कर दी।
इस दौरान कई स्थानों पर ऊर्जा निगम की टीम एवं बकायेदारों के बीच नोकझोंक होती रही, लेकिन निगम की टीम की सख्ती के चलते एक न चली। शाम तक निगम की विभिन्न टीमों ने करीब दो करोड़ रुपये के राजस्व की वसूली भी की है।
अधीक्षण अभियंता विवेक राजपूत ने बताया कि पांच अप्रैल के बाद से ऐसे बकायेदारों की आरसी काटना शुरू कर दिया जाएगा जो कि बार-बार कहने के बावजूद निगम का बिजली का बिल जमा नहीं कर रहे हैं। सोमवार को भी छुट्टी के दिन निगम की ओर से सुबह से कार्रवाई की जाएगी।
