विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिजली चोरी का अजब-गजब मामला: रुड़की में घर में बना लिया फीडर, एक केबल से 10 घरों में हो रही थी सप्लाई

Published: Sat, 14 Mar 2026 07:03 PM (IST)

रुड़की के बेडपुर गांव में विजिलेंस और ऊर्जा निगम की टीम ने छापा मारा, जहां एक व्यक्ति 10 घरों में अवैध रूप से बिजली सप्लाई कर रहा था।

कलियर के बेडपुर गांव में कार्रवाई के दौरान सीढ़ी लगाकर मकान की छत पर चढ़ते कर्मचारी। जागरण

कलियर के बेडपुर गांव में कार्रवाई के दौरान सीढ़ी लगाकर मकान की छत पर चढ़ते कर्मचारी। जागरण 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सूत्र, कलियर (रुड़की)। बेडपुर गांव में विजिलेंस टीम के साथ ऊर्जा निगम की टीम ने छापा मारा तो एक व्यक्ति के केबल डालकर बिजली चोरी करने और इसी केबल से नौ और घरों में बिजली सप्लाई की जा रही थी।

इस दौरान टीम ने बिजली चोरी के 25 मामले पकड़े। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।

वहीं निगम की ओर से की गई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा। शेष जगह टीम को बिजली चोरी नहीं मिली।

कलियर एवं भारापुर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की शिकायत ऊर्जा निगम के अधिकारियों को मिल रही थी। इस पर विजिलेंस टीम के साथ अधिशासी अभियंता (नगर) अनिल कुमार मिश्रा ने छापामारी कार्रवाई की।

Roorkee Bijali News

टीम ने बेडपुर गांव में छापा मारा। इस दौरान टीम ने देखा कि एक मकान की छत पर एलटी लाइन से केबल डाला गया है। इस पर सीढ़ी लगाकर टीम छत पर चढ़ी तो टीम ने पाया कि एक केबल से अलग-अलग केबल डालकर नौ घरों में भी बिजली चोरी कराई जा रही थी।

इसके बाद टीम ने अन्य जगह भी छापे मारे। एक घर में तो चोरी की बिजली से एसी तक चलाया जा रहा था।

इसके बाद टीम ने मरगूबपुर गांव में छापा मारा। विजिलेंस टीम की इस कार्रवाई की जानकारी पूरे क्षेत्र में फैल गई। इसके बाद टीम ने विभिन्न जगहों पर छापा मारा तो कहीं पर भी बिजली चोरी नहीं मिली।

इस दौरान टीम में सहायक अभियंता अनीता सैनी, अश्वनी कुमार, इंस्पेक्टर मारूत शाह, विजिलेंस के सहायक अभियंता धनंजय सिंह, रोबिन, विकास कुमार, गोपाल सैनी आदि मौजूद रहे।

साहब सिलिंडर नहीं मिला तो चला रहे हीटर

ऊर्जा निगम की टीम ने एक घर में हीटर पर खाना बनते हुए पाया। इस घर में बिजली का कनेक्शन नहीं था। जब संबंधित से कनेक्शन के बारे में पूछा गया तो बताया कि कनेक्शन तो नहीं है।

गैस सिलिंडर नहीं मिला तो हीटर पर खाना बना रहे थे, जबकि उसके घर में छत के पंखे, फ्रिज, टीवी आदि सारा इलेक्ट्रानिक्स का सामान था। लंबे समय से वह चोरी की बिजली का इस्तेमाल कर रहा था।

लगातार जारी रहेगी कार्रवाई

अधिशासी अभियंता अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि बिजली चोरी रोकने को लेकर निगम की ओर से लगातार कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा बकायेदारों के बिजली के कनेक्शन काटने का कार्य भी किया जा रहा है। जिन उपभोक्ता पर बकाया है वह जल्द अपने बिजली के बिल को जमा कर दें, अन्यथा कनेक्शन काट दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड: सार्वजनिक उपक्रमों, बिजली चोरी, सड़क सुरक्षा पर कैग ने दिखाया आईना

यह भी पढ़ें- हरिद्वार में बिजली चोरी पकड़ने गई ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम को लोगों ने घेर का पीटा, हंगामा