जंगल सफारी के लिए हो जाएं तैयार! 15 नवंबर से खुलेगा राजाजी नेशनल पार्क
राजाजी टाइगर रिजर्व के चार पर्यटक जोन 15 नवंबर से जंगल सफारी के लिए खुल रहे हैं। पार्क प्रशासन ने ...और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। जंगल के रोमांचक अनुभव के लिए राजाजी टाइगर रिजर्व के चार पर्यटक जोन के द्वार 15 नवंबर से पर्यटकों के लिए खुलने जा रहे हैं। नए पर्यटन सत्र को लेकर पार्क प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
सफारी ट्रेक को दुरुस्त करने का काम अंतिम चरण में है। साथ ही जंगल में वन्यजीवों के लिए नए जलस्रोत भी विकसित किए गए हैं। चिल्लावाली पर्यटक जोन के लिए एक सप्ताह की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। अन्य पर्यटक जोन में भी एडवांस बुकिंग चल रही हैं।
राजाजी टाइगर रिजर्व के चार पर्यटक जोन में 15 नवंबर से जंगल सफारी शुरू होगी। इसके लिए जंगल के कच्चे रास्तों को समतल करने, क्षतिग्रस्त हिस्सों को ठीक करने और सफारी वाहनों की आवाजाही सुगम बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
ये रहेगी टाइमिंग
रानीपुर और चिल्लावाली पर्यटक जोन में भी तैयारियां अंतिम दौर में हैं। 15 नवंबर से 15 फरवरी तक सुबह 6:30 से 8 बजे के बीच और दोपहर बाद 1:30 से 3 बजे के बीच पर्यटकों को प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित समय में जंगल से बाहर निकलना अनिवार्य होगा।
फरवरी से जून तक सूर्योदय और सूर्यास्त के अनुसार समय में बदलाव किया जाएगा। एक सफारी में लगभग दो से साढ़े तीन घंटे का समय लगता है। पिछले पर्यटन सत्र (15 नवंबर 2025 से 15 जून 2026) में चारों पर्यटक जोन में 50,309 पर्यटक पहुंचे थे। इनमें 47,881 भारतीय और 2,428 विदेशी पर्यटक शामिल थे।
पर्यटन से पार्क प्रशासन को करीब 1.28 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था। इस बार पर्यटकों की आमद बढ़ने की उम्मीद है। जंगल के रास्तों के आसपास नए जलस्रोत विकसित किए गए हैं, जिससे वन्यजीवों को पानी उपलब्ध होने के साथ उनके प्राकृतिक आवास में दिखाई देने की संभावना भी बढ़ेगी।
वाइल्ड लाइफ वार्डन चित्रांजली नेगी ने बताया कि रानीपुर और चिल्लावाली पर्यटक जोन में सफारी ट्रेक को दुरुस्त करने सहित सभी जरूरी तैयारियां कराई जा रही हैं। जलस्रोतों को भी विकसित किया गया है, ताकि वन्यजीवों को पर्याप्त पानी मिल सके। 15 नवंबर से पर्यटकों को बेहतर सफारी अनुभव देने के लिए विभाग की ओर से व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
यह भी पढ़ें- राजाजी टाइगर रिजर्व के 46800 मीटर क्षेत्र में मिला प्लास्टिक कचरा, वन्यजीव के लिए बढ़ा खतरा
यह भी पढ़ें- राजाजी टाइगर रिजर्व का 12 किमी लंबा वाइल्डलाइफ कॉरिडोर बना मिसाल, सीएम धामी ने विकास और प्रकृति के संतुलन पर दिया जोर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।