राजाजी टाइगर रिजर्व के 46800 मीटर क्षेत्र में मिला प्लास्टिक कचरा, वन्यजीव के लिए बढ़ा खतरा
राजाजी टाइगर रिजर्व में भारतीय वन्यजीव संस्थान के अध्ययन से प्लास्टिक प्रदूषण की गंभीर स्थिति सामने आई है। यह कचरा ...और पढ़ें

यह तस्वीर AI जेनेरेटड है
HighLights
राजाजी टाइगर रिजर्व में प्लास्टिक प्रदूषण की गंभीर स्थिति।
वन्यजीवों, खाद्य श्रृंखला और बाघों के आवास को खतरा।
देहरादून जू में बेहतर कचरा प्रबंधन से कम प्रदूषण।
सुमन सेमवाल, देहरादून। उत्तराखंड के राजाजी टाइगर रिजर्व में प्लास्टिक प्रदूषण को लेकर भारतीय वन्यजीव संस्थान के अध्ययन में चिंताजनक पहलू उजागर हुआ है। जिसमें पता चला है कि संरक्षित वन क्षेत्र भी प्लास्टिक कचरे से अछूते नहीं हैं।
रिजर्व के पर्यटकों और मानव गतिविधियों वाले क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कचरा जमा हो रहा है, जो वन्यजीवों और पूरे पारिस्थितिकी तंत्र के लिए गंभीर खतरा बनता दिख रहा है। क्योंकि, बाघों की खाद्य श्रृंखला में यदि प्लास्टिक कचरा शामिल होगा तो उससे जंगल का पूरा गणित गड़बड़ा सकता है।
विज्ञानियों ने राजाजी टाइगर रिजर्व के विभिन्न रेंजों में मानव गतिविधियों वाले क्षेत्रों की पहचान कर 17 लाइन ट्रांसेक्ट बनाए। इन ट्रांसेक्टों के माध्यम से व्यवस्थित सर्वेक्षण किया गया। तुलना के लिए देहरादून जू में भी चार लाइन ट्रांसेक्ट बनाए गए।
अध्ययन के दौरान राजाजी टाइगर रिजर्व के पर्यटक मार्गों पर 46,800 मीटर क्षेत्र का सर्वेक्षण किया गया। विज्ञानियों ने इस पूरे क्षेत्र में कचरे के हर प्रकार का वर्गीकरण किया।
सर्वेक्षण में कुल 2,126 प्लास्टिक वस्तुएं, 92 धातु, 58 कांच, 389 प्रोसेस्ड लकड़ी, 25 रबर और 60 अन्य प्रकार का कचरा दर्ज किया गया।
विज्ञानियों ने पूरे राजाजी टाइगर रिजर्व में औसतन 0.125 प्लास्टिक कचरा प्रति वर्ग मीटर दर्ज किया। वहीं, पर्यटक ट्रैक पर घनत्व 0.00024 प्लास्टिक आइटम प्रति वर्ग मीटर पाया गया। शोधकर्ताओं ने बताया कि व्यावसायिक गतिविधियों वाले क्षेत्रों में प्लास्टिक की मात्रा अपेक्षाकृत अधिक थी। अध्ययन में यह भी पाया गया कि पान मसाला के रैपर सबसे अधिक मिले (घनत्व लगभग 0.060 प्रति वर्ग मीटर), खाद्य पदार्थों के रैपर दूसरे स्थान पर रहे (लगभग 0.033 प्रति वर्ग मीटर)।
देहरादून जू की स्थिति बेहतर मिली
तुलना के लिए किए गए सर्वे में देहरादून जू (उत्तराखंड) में केवल 67 प्लास्टिक वस्तुएं, 01 रबर वस्तु और 13 लकड़ी के अवशेष मिले। यहां प्लास्टिक घनत्व 0.016 प्रति वर्ग मीटर रहा, जो राजाजी के कई मानव-प्रभावित हिस्सों की तुलना में कम था। शोधकर्ताओं ने इसका कारण जू में सख्त कचरा प्रबंधन और आगंतुक नियमों को बताया।
विज्ञानियों ने दी चेतावनी
विज्ञानियों के अनुसार यह अध्ययन भारत में संरक्षित स्थलीय क्षेत्रों में प्लास्टिक प्रदूषण का शुरुआती व्यवस्थित आकलनों में से एक है। यह बताता है कि यदि समय रहते प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन नहीं किया गया, तो इसका प्रभाव केवल जंगल की सुंदरता पर नहीं बल्कि वन्यजीवों, खाद्य श्रृंखला और बाघों के आवास पर भी पड़ेगा। यही कारण है कि आज प्लास्टिक कचरा प्रबंधन को बाघ संरक्षण की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।