जेठानी से नाराज गर्भवती महिला ने गंगनहर में लगाई छलांग
एक गर्भवती महिला की जेठानी से विवाद हो गया। जिसके बाद वह गणेशपुर पुल पर पहुंच गई और गंगनहर में छलांग लगा दी। हालांकि, वहां मौजूद लोगों ने उसे बचा लिया।
रुड़की, [जेएनएन]: सिविल लाइंस निवासी एक गर्भवती महिला जेठानी से नाराज होकर गंगनहर में कूद गई। लोगों ने किसी तरह से जान पर खेलकर उसे गंगनहर से बाहर निकाला। महिला को उसके परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के जादूगर रोड निवासी एक गर्भवती महिला (24 वर्ष) की घर के कामकाज को लेकर अपनी जेठानी से कहासुनी हो गई थी। बताया गया कि जेठानी ने उसे किसी बात पर ताना मार दिया। उसका विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इस बात से नाराज होकर गर्भवती महिला अपने घर से पैदल ही निकल गई। परिजनों ने भी इस तरफ ध्यान नहीं दिया।
महिला गणेशपुर पुल पर पहुंच गई और गंगनहर में छलांग लगा दी। महिला को गंगनहर में कूदते देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ जांबाज लोगों ने उसे बचाने के लिए गंगनहर में छलांग लगा दी। इस बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लोगों ने किसी तरह से गर्भवती महिला को गंगनहर से बाहर निकाला। पुलिस उसे अस्पताल ले गई।
चिकित्सकों ने बताया की उसकी हालत सामान्य है। पुलिस ने महिला के परिजनों को भी कोतवाली बुलाया। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक साधना त्यागी ने बताया कि विवाहिता को उसके परिजनों की सुपुर्दगी में दिया गया है।
यह भी पढ़ें: घर में अकेली छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
यह भी पढ़ें: बीएससी की छात्रा ने गोला बैराज में लगाई छलांग, गोताखोर ने बचाया
यह भी पढ़ें: पत्नी मायके से वापस नहीं आई तो परेशान युवक ने लगा ली फांसी