विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंगेतर के सामने हरिद्वार की गंगनहर में डूबा पौड़ी का युवक, तलाश जारी

Published: Sun, 17 May 2026 11:37 PM (IST)

हरिद्वार में मंगेतर के सामने पौड़ी का एक युवक गंगनहर में डूबकर लापता हो गया। जल पुलिस द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। मंगेतर के साथ हरिद्वार पहुंचा पौड़ी के धुमाकोट का एक युवक गंगनहर में डूबकर लापता हो गया। हादसा ज्वालापुर में जटवाड़ा पुल घाट पर हुआ।

ऐसा बताया गया है कि मंगेतर घाट पर बैठी थी। जबकि युवक गंगनहर में नहा रहा था। युवक के डूबने की सूचना पर जल पुलिस के गोताखोरों ने सर्च आपरेशन चलाया, मगर युवक का कुछ पता नहीं चल पाया। मंगेतर का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

पुलिस के मुताबिक, विजेंद्र पोखरियाल निवासी धुमाकोट, पौड़ी गढ़वाल अपनी मंगेतर के साथ हरिद्वार आया था।

शनिवार देर शाम विजेंद्र व उनकी मंगेतर ज्वालापुर क्षेत्र में गए थे। जटवाड़ा पुल गंगनहर घाट पर घूमने के दौरान विजेंद्र नहाने लगे। जबकि मंगेतर घाट पर बैठ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक तैरते हुए कुछ दूर आगे निकल गया और अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। देखते ही देखते वह पानी में लापता हो गया। मंगेतर ने शोर मचाया।

घाट पर नहा रहे स्थानीय युवकों ने खोजबीन की, पर कुछ पता नहीं चल पाया। सूचना पर ज्वालापुर कोतवाली की एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जल पुलिस के गोताखोर बुलाकर युवक की तलाश कराई।

रात में अंधेरा होने के चलते सर्च आपरेशन में दिक्कतें आईं। रविवार सुबह फिर से सर्च आपरेशन चलाया गया। मगर युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।

रविवार सुबह युवक के स्वजन भी रोते-बिलखते हरिद्वार पहुंच गए। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि युवक की तलाश लगातार जारी है।

यह भी पढ़ें- ऋषिकेश में गंगा स्नान के दौरान दिल्ली का किशोर लापता, तीन दोस्त बचाए गए

यह भी पढ़ें- देहरादून के शक्तिनहर में महिला ने 2 बच्चों संग लगाई छलांग, तैराक युवकों ने दोनों मासूमों को बचाया; मां लापता