विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून के शक्तिनहर में महिला ने 2 बच्चों संग लगाई छलांग, तैराक युवकों ने दोनों मासूमों को बचाया; मां लापता

Published: Sat, 16 May 2026 06:03 PM (IST)

विकासनगर में एक महिला ने अपनी दो बेटियों के साथ शक्ति नहर में छलांग लगा दी, जिसमें स्थानीय युवकों ने दोनों बच्चियों को बचा लिया लेकिन मां लापता हो गई।

शनिवार को क महिला ने दो बच्चों के संग इसी शक्तिनहर में छलांग लगाई थी।

शनिवार को क महिला ने दो बच्चों के संग इसी शक्तिनहर में छलांग लगाई थी।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, विकासनगर (देहरादून)। कोतवाली विकासनगर अंतर्गत पुल नंबर एक डाक्टरगंज के पास एक महिला ने अपनी दो बेटियों के साथ शक्ति नहर में छलांग लगा दी। घटना शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे की है।

स्थानीय युवकों ने नहर में कूदकर दोनों बच्चियों को तो बचा लिया, लेकिन महिला डूब गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर नहर में महिला की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इस बीच देर शाम तक महिला की तलाश जारी रही।

मौके पर पहुंचे सीओ विवेक कुटियाल व कोतवाल राजीव रौथाण ने घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने पूछताछ की। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि महिला अपनी दो बेटियों के साथ नहर के पास पहुंचकर इधर-उधर टहल रही थी।

इसी बीच उसने दोनों बेटियों के साथ नहर में छलांग लगा दी। वहां मौजूद कुछ युवकों ने उसे ऐसा करते देख लिया। तीनों को बचाने के लिए वे तुरंत नहर में कूद पड़े।

युवकों ने दो बेटियों तीन वर्षीय आर्वी चंदेल व उसकी तीन माह की बहन को सकुशल बचा लिया। लेकिन वे महिला को बचा पाने में नाकाम रहे।

पुलिस ने दोनों बच्चियों को लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया है। नहर में छलांग लगाने वाली महिला की पहचान 28 वर्षीय किरन चंदेल पत्नी धीरज चंदेल निवासी ग्राम जाखन बिन्हार विकासनगर के रूप में हुई है। महिला परिवार के साथ मंडी चौक विकासनगर में किराये पर रहती थी।

बताया जाता है कि धीरज चंदेल का ताल्लुक गांव जाखन बिन्हार के किसान परिवार से है। मगर 2017 के वर्षा काल में आई आपदा में ग्राम जाखन बिन्हार तबाह हो गया था।

इसके बाद प्रशासन की ओर से पूरा गांव खाली करा लिया गया। ऐसे में गांव के अन्य परिवारों की तरह चंदेल परिवार को भी गांव छोड़ना पड़ा।

धीरज चंदेल पत्नी और बच्चों के साथ मंडी चौक विकासनगर में किराये के मकान में रहता था। जबकि परिवार के अन्य लोग विकासनगर ब्लाक क्षेत्र के गांव रुद्रपुर में रहते हैं।

2020 में धीरज के साथ किरन ने किया था प्रेम विवाह

दो बेटियों के साथ शक्ति नहर में छालांग लगाने वाली किरन ने साल 2020 में धीरज के साथ प्रेम विवाह किया था। किरन का मायका टिहरी गढ़वाल जिले के जौनपुर विकासखंड के गांव मेलगढ़ में है।

धीरज वर्तमान में हैदराबाद में प्राइवेट नौकरी करता है। वह दस मई को ही छुट्टी पर घर आया था। धीरज शनिवार को जब किसी काम से घर से बाहर गया था, इसी दौरान किरन अपनी दो बेटियों को साथ लेकर शक्ति नहर की तरफ चल पड़ी। कोतवाल राजीव रौथाण के अनुसार घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।

मासूम आंखों को भी है मां की तलाश

लेहमन अस्पताल में भर्ती तीन साल की आर्वी और उसकी तीन माह की बहन का रो-रोकर बुरा हाल था। उनकी आंखें अपनी मां को ही तलाश कर रही थीं।

बच्चियों की यह हालत देख वहां मौजूद पुलिस कर्मियों व स्वास्थ्य कर्मियों की आंखें भी भर आईं। ऐसा क्या हुआ कि किरन ने दोनों बेटियों के साथ यह कदम उठाया, यह अभी सवाल बना हुआ है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- ऋषिकेश में गंगा स्नान के दौरान दिल्ली का किशोर लापता, तीन दोस्त बचाए गए

यह भी पढ़ें- ऋषिकेश में गंगा किनारे मुनादी कर हटाए श्रद्धालु, जलस्तर बढ़ने की आशंका पर अलर्ट