Move to Jagran APP

यहां शादी के सात दिन बाद पूरे परिवार को बेहोश कर लाखों ले उड़ी लुटेरी दुल्हन, जानिए

शादी के कुछ दिन बाद ही पूरे परिवार को खाने में नशीला पदार्थ खिलाकर लुटेरी दुल्हन लाखों का माल ले उड़ी। परिवार के सात लोगों का सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है।

By Raksha PanthariEdited By: Published: Sun, 13 Oct 2019 07:24 PM (IST)Updated: Sun, 13 Oct 2019 07:24 PM (IST)
यहां शादी के सात दिन बाद पूरे परिवार को बेहोश कर लाखों ले उड़ी लुटेरी दुल्हन, जानिए
यहां शादी के सात दिन बाद पूरे परिवार को बेहोश कर लाखों ले उड़ी लुटेरी दुल्हन, जानिए

रुड़की, जेएनएन। शादी के सात दिन बाद ही पूरे परिवार को खाने में नशीला पदार्थ खिलाकर लुटेरी दुल्हन लाखों का माल ले उड़ी। परिवार के सात लोगों का सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने लुटेरी दुल्हन समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

loksabha election banner

रुड़की के मोहनपुरा निवासी रविंद्र की गांव में ही दूध की डेयरी है। कुछ दिन पहले रविंद्र की मुलाकात अलीगढ़ निवासी बलदेव, उसकी पत्नी और उसकी बहन गुड़िया से हुई थी। सात दिन पहले रविंद्र ने अपने साले राजू (26) पुत्र धनीराम की शादी लक्सर के एक मंदिर में गुड़िया से कराई थी। शादी के बाद से ही राजू और गुड़िया अपने बहनोई रविंद्र के मोहनपुरा स्थित घर में रह रहे थे। शनिवार को गुड़िया का भाई बलदेव और उसकी भाभी भी उससे मिलने आई थी। शनिवार की रात को गुड़िया ने पूरे परिवार के लिए दाल चावल बनाए। 

खाने में उसने नशीला पदार्थ मिला दिया, जिसे खाने से राजू, रविंद्र, उसके पिता मेघराज, रविंद्र की पत्नी पिंकी, बेटा गौरव और सौरव के साथ ही बेटी प्रिया बेसुध हो गई। इसके बाद लुटेरी दुल्हन अपनी भाभी और भाई के साथ घर में रखे जेवरात और नगदी समेट कर फरार हो गई। रविवार की सुबह सात बजे एक दूध कारोबारी दूध लेने वहां पहुंचा तो पूरा परिवार बेसुध मिला। 

पड़ोसियों की मदद से उसने सभी को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने भी मौके पर जाकर जानकारी ली। परिवार के लोग अभी तक सामान्य नहीं हो पाए हैं। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने रविंद्र के रिश्तेदार सुभाष की तहरीर पर लुटेरी दुल्हन समेत तीन पर मुकदमा दर्ज किया है। घर से मिली दाल का नमूना फॉरेंसिक जांच के लिए लिया है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।

बिना जांच पड़ताल के शादी पड़ी महंगी

सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि घटना के बाद परिवार के लोग शादी की बात छिपाते रहे। परिवार के लोगों को गुड़िया और उसके परिवार के बारे में कोई खास जानकारी नहीं है। कुछ दिन पहले ही रविंद्र की बलदेव से मुलाकात हुई थी। आनन-फानन उसने अपने साले की शादी गुड़िया से करा दी। रविंद्र या उसके साले राजू ने शादी से पहले बलदेव के अलीगढ़ स्थित घर जाकर भी नहीं देखा था। यहां तक कि परिवार के पास लुटेरी दुल्हन का कोई फोटो तक नहीं है। आशंका यह जताई जा रही है कि आरोपितों ने अपने अलीगढ़ स्थित घर के बारे में उन्हें गलत जानकारी दी होगी।

यह भी पढ़ें: ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े लाखों की लूट, फायरिंग कर मौके से फरार हुए बदमाश

पूरी तैयारी के साथ की वारदात

शादी के सात दिन तक विवाहिता ने पूरे घर को अच्छी तरह से समझ लिया था। शनिवार को उसका भाई और उसकी भाभी का यहां आना भी इसलिए हुआ था कि वारदात कर सकें। पुलिस के अनुसार गुड़िया ने बड़ी चालाकी से परिवार के लोगों के ही खाने में नशीला पदार्थ मिलाया था। यह भी आशंका जताई जा रही है कि गुड़िया का भाई ही नशीला पदार्थ लेकर आया था। 

यह भी पढ़ें: लूट की सूचना फ्लैश होने में देरी से जिले से बाहर निकले बदमाश Dehradun News

डेढ़ साल पहले 11 लोग हुए थे शिकार

करीब डेढ़ साल पहले भी 11 लोग लुटेरी दुल्हन का शिकार हुए थे। कलियर क्षेत्र के सात अलग-अलग लोगों से शादी कर एक महिला इसी तरह से परिवार को बेहोश कर माल ले उड़ी थी। उसने रुड़की क्षेत्र के भी चार लोगों को इसी तरह से शिकार बनाया था। बाद में धनौरी पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया था। यह महिला राजस्थान की थी। एक बार फिर इस तरह की घटना सामने आने पर लोग हैरत में हैं।

यह भी पढ़ें: लूटकांड के बिहार और झारखंड से जुड़े तार, आरोपितों और मास्टरमाइंड की हुई पहचान


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.