अखाड़े में आपसी खींचतान से आहत करौली शंकर महाराज ने छोड़ा महामंडलेश्वर का पद, लगाए गंभीर आरोप
महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण से अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

मिश्री मठ के परमाध्यक्ष करौली शंकर महाराज ने श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण में महामंडलेश्वर पद से त्यागपत्र दिया
HighLights
महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने पद से दिया इस्तीफा।
आपसी खींचतान, तानाशाही को बताया इस्तीफे का मुख्य कारण।
अखाड़े की संपत्तियों के शोषण का भी आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। अखाड़े में आपसी खींचतान और रचनात्मक गतिविधियों के अभाव से आहत महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने पद से इस्तीफा दे दिया है। श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण में महामंडलेश्वर पद पर आरूढ़ मिश्री मठ के परमाध्यक्ष करौली शंकर महाराज ने अपने त्यागपत्र में अखाड़े की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई है।
अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत धुनी दास को संबोधित पत्र में उन्होंने कहा कि आपसी खींचतान, तानाशाही और मुकदमेबाजी ने अखाड़े की पंचायती व्यवस्था को प्रभावित किया है। उन्होंने पंजाब के लोगों को उचित प्रतिनिधित्व और सम्मान नहीं मिलने पर भी नाराजगी जताई।
करौली शंकर महाराज ने कहा कि सनातन धर्म, संत परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति समर्पण के भाव से उन्होंने महामंडलेश्वर के रूप में सेवा की। इसके लिए उन्होंने संत-महात्माओं और पदाधिकारियों का आभार जताया। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि पदाधिकारियों के बीच खींचतान और तानाशाही के कारण पंजाब के लोगों को न्यायपूर्ण प्रतिनिधित्व और सम्मान नहीं मिल रहा है, जिससे अखाड़े में मुकदमेबाजी की स्थिति बनी है।
उनके अनुसार, महापुरुषों ने जिन उद्देश्यों से अखाड़े की स्थापना की थी, वे पूरे नहीं हो रहे हैं। इसके बजाय निजी हितों के लिए अखाड़े की संपत्तियों का शोषण और दोहन किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अखाड़े में ध्यान-साधना और पूजा-पाठ जैसी धार्मिक व आध्यात्मिक गतिविधियां पूरी तरह बंद हो चुकी हैं। इससे स्थापना के मूल उद्देश्यों को झटका लगा है।
करौली शंकर महाराज ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों और अपने स्वतंत्र आध्यात्मिक एवं सामाजिक दायित्वों को देखते हुए उन्होंने स्वेच्छा से महामंडलेश्वर पद छोड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने अध्यक्ष से त्यागपत्र स्वीकार कर पद से जुड़े सभी दायित्वों से मुक्त करने का अनुरोध किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।