कांवड़ के केसरिया रंग में रंगी धर्मनगरी, लगा मानो धरती पर उतर आए भगवान शिव; अद्भुत तस्वीरें
हरिद्वार में सावन की कांवड़ यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है, जिससे पूरा शहर केसरिया आस्था के रंग में रंग ...और पढ़ें
HighLights
करोड़ों शिवभक्तों ने हरिद्वार से गंगाजल लेकर प्रस्थान किया
कांवड़ यात्रा 5 से 11 अगस्त तक चरम पर रहेगी
शहर में आकर्षक कांवड़ झांकियां श्रद्धालुओं का मन मोह रही हैं
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। सावन की आध्यात्मिक आभा अब धर्मनगरी हरिद्वार पर पूरी तरह उतरने लगी है। कांवड़ यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है। पूरा शहर केसरिया आस्था के रंग में रंगता नजर आ रहा है। हरकी पैड़ी सहित सभी गंगा घाटों, कांवड़ पटरी, मेला क्षेत्र, हाईवे, रेलवे स्टेशन और शहर की गलियों तक हर ओर बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष गूंज रहे हैं।

हरकी पैड़ी, ब्रह्मकुंड, विभिन्न घाटों, कांवड़ मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिवभक्तों का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। लाखों श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।

वहीं 30 जुलाई से अब तक एक करोड़ 43 लाख 25 हजार से अधिक शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर चुके हैं। जिला प्रशासन के अनुसार पंचक के कारण अब तक श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत नियंत्रित रही, लेकिन इसके समाप्त होने के बाद कांवड़ यात्रा अपने चरम पर पहुंचेगी।

पांच अगस्त से 11 अगस्त के बीच सबसे अधिक भीड़ रहने की संभावना है। आठ अगस्त से लेकर 11 अगस्त की सुबह तक सबसे अधिक भीड़ रहने की संभावना हैं। इस दौरान डाक कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ेगी। 11 अगस्त को शिवालयों में जलाभिषेक होना है। पुलिस प्रशासन की ओर से इसके लिए यातायात प्लान भी तैयार किया गया है। प्रशासन को उम्मीद है कि एक सप्ताह में करीब चार करोड़ श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचकर गंगाजल लेकर लौटेंगे।

शिवमय हुआ वातावरण
मंगलवार को धर्मनगरी का पूरा वातावरण शिवमय रहा। हरिद्वार, ज्वालापुर और बहादराबाद के कांवड़ शिविरों में दिन-रात चहल-पहल बनी रही। कांवड़ बाजारों में भगवा वस्त्र, कांवड़, पूजा सामग्री और शिव भक्ति से जुड़े सामान की खरीदारी जोरों पर है।
हाईवे पर रंग-बिरंगी और आकर्षक कांवड़ झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इनमें केदारनाथ धाम, काशी विश्वनाथ, शिव परिवार, पवनपुत्र हनुमान, शिवभक्त रावण और श्रीराम मंदिर सहित तरह-तरह की भव्य झांकियां श्रद्धालुओं और दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं।
