विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देशभर में टूथपेस्ट के डिब्बों में सालाना लगता है 59000 टन कागज... इसके लिए कितने पेड़ों की जरूरत?

Published: Fri, 13 Nov 2026 02:03 PM (IST)Updated: Fri, 13 Nov 2026 02:10 PM (IST)

आईआईटी रुड़की के छात्रों के एक अध्ययन के अनुसार, हरिद्वार जिले में टूथपेस्ट के डिब्बों में सालाना 100 टन कागज ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, रुड़की। हरिद्वार जिले में टूथपेस्ट के डिब्बों के लिए सालाना करीब 100 टन कागज की खपत का अनुमान है। जबकि देशभर में यह आंकड़ा करीब 59,800 टन हो सकता है।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के छात्रों की ओर से टूथपेस्ट के डिब्बों पर होने वाली कागज की खपत को लेकर किए अध्ययन में यह बात सामने आई है। अध्ययन की शुरुआत 12,628 लोगों वाले कॉलेज समुदाय से की गई। जिसके बाद यह अनुमान हरिद्वार जिले की लगभग 25.8 लाख और देश की आबादी पर लागू किया गया है।

आईआईटी रुड़की के रासायनिक अभियांत्रिकी विभाग के बीटेक छात्रों ने कम्युनिटी आउटरीच पाठ्यक्रम के तहत टूथपेस्ट के डिब्बों में इस्तेमाल होने वाले कागज की खपत के अनुमान के लिए अध्ययन किया है। अध्ययन दल में शामिल आईआईटी रुड़की के विद्यार्थी सक्षम, संदीप कुमार, स्नेह, सानिका और सरीना कहते हैं कि टूथपेस्ट की ट्यूब सीलबंद होने के बावजूद कंपनियां उसे कागज के अलावा डिब्बेमें बेचती हैं।

उनके अध्ययन के अनुसार टूथपेस्ट के डिब्बों से हरिद्वार जिले में सालाना करीब 100 टन और देशभर में लगभग 59,800 टन कागज की खपत हो सकती है। छात्रों का कहना है कि टूथपेस्ट का डिब्बा रोजमर्रा की उन छोटी चीजों का एक उदाहरण है, जिन पर आमतौर पर हमारा ध्यान नहीं जाता। लेकिन, बड़े स्तर पर उनका प्रभाव काफी बढ़ सकता है।

इसी तरह पानी की बर्बादी, जरूरत से ज्यादा बिजली का इस्तेमाल, भोजन फेंकना और छोटी दूरी के लिए भी अनावश्यक वाहन चलाना जैसी आदतें भी व्यक्तिगत स्तर पर मामूली लग सकती हैं, लेकिन जब लाखों लोग ऐसा करते हैं तो उनका सामूहिक असर बड़ा हो जाता है।

अध्ययन का उद्देश्य केवल टूथपेस्ट की पैकेजिंग पर सवाल उठाना नहीं, बल्कि ऐसी ही अनदेखी समस्याओं पर ध्यान देकर आदतों और व्यवस्थाओं में छोटे बदलाव कर पर्यावरण पर पड़ने वाले दबाव को कम करना है।

ऐसे किया आकलन

अध्ययन करने वाले छात्रों ने बताया कि 50 ग्राम और 150 ग्राम टूथपेस्ट के डिब्बों का आकार और वजन मापा गया। इनके निर्माण में क्रमशः लगभग 7.7 ग्राम और 14.4 ग्राम कागज लगता है। टूथपेस्ट की अनुमानित औसत दैनिक खपत, आबादी और पैक के आकार से जुड़े अनुमानों के आधार पर गणना की गई।

कागज से पेड़ों का अनुमान

छात्र संदीप कुमार ने बताया कि भारतीय लुगदी एवं कागज तकनीकी संघ के 2024–25 के आंकड़ों के अनुसार पैकेजिंग-ग्रेड कागज में लगभग पांच प्रतिशत हिस्सा लकड़ी-आधारित स्रोतों का है। उन्होंने इसी आधार पर ब्रिटेन के वन अनुसंधान संस्थान के मानक का इस्तेमाल किया। जिसके अनुसार एक टन कागज एवं पेपरबोर्ड के लिए करीब 2.5 घन मीटर लकड़ी के कच्चे माल के बराबर मात्रा मानी जाती है।

वहीं पेड़ों के आयतन का अनुमान लगाने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के एक अध्ययन में दर्ज चार साल पुराने यूकेलिप्टस के पेड़ को संदर्भ बनाया गया। जिसका औसत तना-आयतन 0.12 घन मीटर था। इस गणना के अनुसार हरिद्वार के लिए करीब 104 और देशभर के लिए लगभग 62 हजार ऐसे पेड़ों के आयतन के बराबर लकड़ी की आवश्यकता का अनुमान है।

यदि लकड़ी-आधारित हिस्सा 20 प्रतिशत माना जाए तो यह संख्या क्रमशः लगभग 415 और 2.5 लाख पेड़ों के आयतन के बराबर होगी। ये वास्तव में काटे गए पेड़ों की संख्या नहीं, बल्कि तुलनात्मक अनुमान हैं। डिब्बों में इस्तेमाल होने वाली लकड़ी का वास्तविक स्रोत और उसका अनुपात उपलब्ध आंकड़ों से निर्धारित नहीं हुआ है।

ये हो सकते हैं समाधान

अध्ययन करने वाले छात्रों के अनुसार जहां अतिरिक्त डिब्बा सुरक्षा, जरूरी जानकारी या नियामकीय कारणों से आवश्यक न हो वहां बिना बाहरी डिब्बे वाली पैकेजिंग का परीक्षण किया जा सकता है। अध्ययन में मापे गए आकारों के आधार पर 150 ग्राम की ट्यूब में प्रति ग्राम टूथपेस्ट लगभग 38 प्रतिशत कम कागज लगता है।

डिब्बों को रद्दी कागज के रूप में पुनर्चक्रण के लिए देना भी उपयोगी कदम है। छात्रों का सुझाव है कि कंपनियां और दुकानदार अतिरिक्त पैकेजिंग घटाने के विकल्पों पर काम करें और इसकी शुरुआत कॉलेज परिसर की दुकानों से की जा सकती है।

यह भी पढ़ें- आईआईटी रुड़की की शोध ने बढ़ाई चिंता, भारत के जिलों में बाढ़ और सूखे का दोहरा खतरा बढ़ा

यह भी पढ़ें- हिमालय में ग्लेशियल झीलों का विस्तार, आईआईटी रुड़की ने बताया आपदा का बढ़ता जोखिम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।