हरिद्वार में नाबालिग चालकों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 20 दोपहिया वाहन सीज
हरिद्वार में परिवहन विभाग ने नाबालिगों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई की है। जगजीतपुर क्षेत्र में चलाए गए ...और पढ़ें
HighLights
परिवहन विभाग ने नाबालिग दोपहिया वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की।
जगजीतपुर क्षेत्र में 20 स्कूटी-मोटरसाइकिल जब्त की गईं।
अभिभावकों से बच्चों को वाहन न देने की अपील की।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। स्कूल जाने की उम्र में हाथों में स्कूटी-मोटरसाइकिल और सड़कों पर बेपरवाह रफ्तार...। जगजीतपुर क्षेत्र में नाबालिग विद्यार्थियों के इसी तरह दोपहिया वाहन चलाने पर परिवहन विभाग ने अब सख्ती दिखाई है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में 20 स्कूटी और मोटरसाइकिल सीज की गईं। कार्रवाई के दौरान यह भी सामने आया कि स्कूल प्रबंधन की ओर से अभिभावकों को पहले ही बच्चों को दोपहिया वाहनों से स्कूल न भेजने की हिदायत दी जा चुकी थी।

सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग की टीम ने जगजीतपुर क्षेत्र के स्कूलों और आसपास के इलाकों में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने किया।
टीम ने स्कूल प्रशासन से भी जानकारी ली। विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने बताया कि नाबालिग विद्यार्थियों को स्कूटी या मोटरसाइकिल से स्कूल भेजने पर रोक लगाने के लिए अभिभावकों को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद कुछ विद्यार्थी दोपहिया वाहनों से स्कूल पहुंच रहे थे।
कार्रवाई से बचने के लिए वाहनों को स्कूल परिसर में खड़ा करने के बजाय आसपास की गलियों में पार्क किया जा रहा था। परिवहन विभाग की टीम ने ऐसे वाहनों को चिह्नित कर कार्रवाई की और अभियान के दौरान कुल 20 स्कूटी-मोटरसाइकिल सीज कर दीं।
विभाग ने संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी कार्रवाई की जानकारी दी। साथ ही बच्चों के स्कूल आने-जाने के लिए सुरक्षित और वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था करने को कहा गया।
अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा, यातायात कर अधिकारी वरुणा सैनी और यातायात कर अधिकारी भारत भूषण मौजूद रहे।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने अभिभावकों से अपील की कि निर्धारित आयु पूरी किए बिना और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के अभाव में बच्चों को किसी भी मोटर वाहन की चाबी न सौंपें।
नाबालिगों का वाहन चलाना उनके साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी दुर्घटना का गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है। उन्होंने बताया कि नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पर रोक और सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के लिए ऐसे प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
