विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरिद्वार में कांग्रेस नेता के होटल पर राज्य कर विभाग का छापा: ITC क्लेम में अनियमितता का आरोप

Published: Tue, 29 Sep 2026 08:52 PM (IST)

राज्य कर विभाग ने हरिद्वार में कांग्रेस नेता अशोक शर्मा और पूर्व महापौर अनिता शर्मा के होटल अशोका पर छापा ...और पढ़ें

HighLights

  1. राज्य कर विभाग ने हरिद्वार के होटल अशोका पर छापा मारा।

  2. होटल निर्माण में गलत ITC क्लेम करने का आरोप है।

  3. कांग्रेस नेता अशोक शर्मा ने इसे राजनीति से प्रेरित बताया।

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। पूर्व महापौर अनिता शर्मा व कांग्रेस नेता अशोक शर्मा के होटल अशोका पर मंगलवार को राज्य कर विभाग की एक टीम ने छापेमारी की। दरअसल, विभाग को होटल निर्माण में गलत तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने की शिकायत मिली थी।

टीम ने होटल के वित्तीय रिकॉर्ड, रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की जांच की और कर्मचारियों से भी जानकारी ली। पूरे मामले की जांच की जा रही है। राज्य कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर कार्तिकेय वर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को विभाग की एक टीम हरिद्वार रेलवे स्टेशन के सामने स्थित होटल अशोका पहुंची।

टीम ने होटल निर्माण में आईटीसी (इनपुट टैक्स क्रेडिट) क्लेम किए जाने की जांच की। विभाग के नियमों के अनुसार, होटल निर्माण पर आईटीसी का लाभ नहीं मिलता है। आरोप है कि होटल की ओर से आईटीसी क्लेम किया गया।

इसी संबंध में विभाग की टीम ने दस्तावेजों की पड़ताल करते हुए चेक किया कि होटल निर्माण और उससे जुड़े खर्चों पर कितना आईटीसी क्लेम किया गया और उसमें से कितना नियमों के तहत पात्र था। जीएसटी पोर्टल पर सप्लायर की ओर से दाखिल विवरण और आईटीसी से संबंधित रिकॉर्ड भी जांच का हिस्सा हो सकते हैं।

कार्रवाई के दौरान हड़कंप मचा रहा। राज्य कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर कार्तिकेय वर्मा ने बताया कि होटल निर्माण में आइटीसी क्लेम की शिकायत मिली थी।

जांच में सामने आया है कि होटल प्रबंधन की ओर करीब 20 लाख रुपये का क्लेम वापस किया जा चुका है, लगभग 20 से 30 लाख रुपये और वापस किए जाने हैं। इसी संबंध में विभाग की ओर से कार्रवाई की जा रही है।

क्या होता है आइटीसी

जीएसटी अदा करने पर फर्म को इनपुट टैक्स क्रेडिट मिलता है। लेकिन विभाग का कहना है कि होटल निर्माण पर आइटीसी नहीं मिलता है। जांच में पाया जाता है कि होटल ने फर्जी खरीद दिखाकर आइटीसी लिया है तो विभाग उसे वापस लेने के साथ ही जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

छापेमारी से गर्म हुई सियासत

होटल अशोका की मालिक पूर्व महापौर अनीता शर्मा हैं। वह कांग्रेस की नेता हैं, जबकि उनके पति अशोक शर्मा कांग्रेस से दो बार सभासद रह चुके हैं और हरिद्वार विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट के दावेदार हैं। अशोक शर्मा स्थानीय मुद्दों को लेकर लगातार मुखर रहते हैं।

इसलिए छापेमारी से शहर की सियासत भी गर्म हो गई। कांग्रेसियों ने अशोक शर्मा के होटल को जानबूझकर निशाना बनाने का आरोप लगाया। वहीं, अशोक शर्मा ने भी छापेमारी को राजनीति से प्रेरित बताया और कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम जारी रहेगी।