हरिद्वार में क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर 4.89 लाख रुपये की ठगी, मुकदमा दर्ज
हरिद्वार के कनखल में एक व्यक्ति के क्रेडिट कार्ड से साइबर ठगों ने करीब 4.89 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
कनखल में क्रेडिट कार्ड से 4.89 लाख रुपये की धोखाधड़ी।
साइबर ठगों ने व्हाट्सएप संदेश से दिया लिमिट बढ़ाने का झांसा।
बिना ओटीपी साझा किए हुए हुए कई ऑनलाइन लेनदेन।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। कनखल में एक व्यक्ति के क्रेडिट कार्ड से साइबर ठगों ने करीब 4.89 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, विनोद कुमार निवासी हजारीबाग कनखल के पास आरबीएल बैंक का 25 हजार रुपये की लिमिट वाला क्रेडिट कार्ड है। लेकिन कभी क्रेडिट कार्ड का उपयोग नहीं किया। कार्ड उनके घर पर ही रखा था।
आरोप है कि 31 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने संबंधी व्हाट्सएप संदेश भेजा गया। इसके बाद बिना ओटीपी साझा किए उनके कार्ड से कई ऑनलाइन लेनदेन कर लिए गए।
पीड़ित के अनुसार अमेजन पे, मोबिक्विक, रिलायंस रिटेल, स्विगी इंस्टामार्ट और फेसबुक विज्ञापन के नाम पर कुल 4.89 लाख रुपये निकाल लिए गए। कनखल कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।