हरिद्वार पुलिस में बड़े फेरबदल की तैयारी, 13 इंस्पेक्टरों के तबादले के बाद बदलेंगे थानेदार
पुलिस मुख्यालय के आदेश के बाद हरिद्वार से 13 निरीक्षकों का अन्य जिलों में स्थानांतरण हो गया है। नए निरीक्षकों की आमद के बाद जिले के आधे से ज्यादा थानों और कोतवालियों में बड़ा फेरबदल होने की उम्मीद है, साथ ही एसओजी में भी नए प्रभारी नियुक्त होंगे।

हरिद्वार से स्थानांतरित हुए इंस्पेक्टर। जागरण
HighLights
हरिद्वार से 13 पुलिस निरीक्षकों का अन्य जिलों में स्थानांतरण।
नए निरीक्षकों की आमद से थानों में फेरबदल तय।
एसओजी में भी नए प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। पुलिस मुख्यालय के स्थानांतरण आदेश के बाद हरिद्वार में तैनात 13 निरीक्षकों की जिले से रवानगी हो गई। दूसरे जिलों से स्थानांतरित होकर आने वाले निरीक्षकों की आमद के बाद जिले के आधे से ज्यादा थानों और कोतवालियों में फेरबदल होना तय माना जा रहा है।
स्थानांतरण पर रवाना होने से पहले सोमवार को पुलिस के कैंप कार्यालय में विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने स्थानांतरित निरीक्षकों से मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। हरिद्वार से राम किशोर सकलानी और गोविंद कुमार को रुद्रप्रयाग भेजा गया है। नरेंद्र सिंह बिष्ट बिष्ट को चमोली, मनीष उपाध्याय और प्रदीप बिष्ट को टिहरी, दिग्पाल कोहली, देवेंद्र सिंह रावत और जहांगीर अली को उत्तरकाशी भेजा गया है।
मनोहर सिंह, शांति कुमार, कमल मोहन सिंह, वीरेंद्र चंद्र रमोला और कुंदन सिंह राणा का स्थानांतरण देहरादून हुआ है। इनमें ज्यादातर निरीक्षक अलग-अलग कोतवालियों में प्रभारी के तौर पर तैनात थे। इसलिए दूसरे जिलों से स्थानांतरित होकर आने वाले निरीक्षकों की हरिद्वार आमद होने के बाद जनपद के आधे से ज्यादा कोतवालियों में नई तैनातियां दी जाएगी। साथ ही, एसओजी में भी नए प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे।