हरिद्वार में गिरे आधा किलो वजन के ओले, टूटे गाड़ियों के शीशे... चटकीं सोलर प्लेट- तस्वीरें
हरिद्वार और आसपास के इलाकों में भारी ओलावृष्टि और आंधी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। आधा किलो तक के ओलों ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। हरिद्वार और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को आसमानी आफत बरसी। सुबह करीब साढ़े दस बजे आंधी के साथ आई तेज बारिश ने फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है।

कुछ स्थानों पर करीब 500 ग्राम वजन के ओले गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कई जगह छतों पर लगी सोलर प्लेट में क्रेक आ गए।

बड़े ओलों से बचने के लिए लोगों में भगदड़ मच गई। आंधी में कुछ स्थानों पर पेड़ उखड़ गए। इससे भवनों क्षतिग्रस्त हुए और विद्युत आपूर्ति व सड़क मार्ग भी बाधित हुए।

आठ पेड़ टूटकर गिर गए
सुल्तानपुर : आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि में लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर सुल्तानपुर गांव के पास सड़क किनारे खड़े आठ पेड़ टूटकर गिर गए। पेड़ों की चपेट में आकर एक कार, दोपहिया वाहन और एक स्कूल की दो बसें क्षतिग्रस्त हो गईं। इससे यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ओलावृष्टि से गन्ने और धान की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

आंधी में सड़क किनारे खड़े कुछ पेड़ जड़ से उखड़ गए। जबकि कुछ टूटकर सड़क पर गिर पड़े। इनमें ज्यादातर अर्जुन के पेड़ बताए जा रहे हैं। अचानक पेड़ गिरने से राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। कई वाहन पेड़ों की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। आंधी थमने के बाद सड़क पर गिरे पेड़ों के कारण लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर लंबा जाम लग गया।

राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी सुमित सैनी और गुरजंट सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से सड़क पर गिरे पेड़ों को कटवाकर हटाया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका।
