विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर हरिद्वार में अनूठी पहल, पांच बालिकाओं ने संभाली जिलाधिकारी की कुर्सी

Published: Mon, 12 Oct 2026 04:02 PM (IST)

अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर हरिद्वार में पांच बालिकाओं को एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनाया गया। उन्होंने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता हरिद्वार। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बालिका सशक्तीकरण और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अनूठी पहल की गई। रिलैक्सो फुटवियर्स लिमिटेड की सीएसआर पहल के तहत संचालित परिवर्तन आदर्श विद्यालय परियोजना की सहयोगी संस्था ममता-एचआईएमसी की ओर से पाँच बालिकाओं को एक दिन के लिए हरिद्वार का जिलाधिकारी बनाया गया।

इस दौरान बालिकाओं ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझा और जनसुनवाई में भाग लेकर लोगों की समस्याएँ सुनीं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कार्यक्रम के तहत पाँच बालिकाओं को यह अवसर प्रदान किया। बालिकाओं ने अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता के साथ जनसुनवाई में भाग लिया और विभिन्न समस्याओं पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

इसके बाद उन्होंने अपर जिलाधिकारी के साथ अपने अनुभव साझा किए। बालिकाओं ने कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इन अनुभवों को साझा कर बालिका शिक्षा और लैंगिक समानता के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी।

अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने बालिकाओं को अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने और समाज में प्रेरणादायक उदाहरण बनने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद पाँचों बालिकाओं ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत के साथ जिला आपदा नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने आपदा नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली तथा आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों के समन्वय की जानकारी प्राप्त की। रिलैक्सो की ओर से अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में साप्ताहिक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत 44 विद्यालयों में बालिकाओं के लिए विभिन्न गतिविधियाँ कराई गईं। लक्सर बाजार में निकाली गई जागरूकता रैली का शुभारंभ केवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जेपी सिंह ने किया।

रैली के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सैयद रफी ने छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रिलैक्सो की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में यह सराहनीय कदम है।

उन्होंने ऐसे कार्यक्रम अधिक से अधिक स्थानों पर आयोजित करने की आवश्यकता जताई और बालिकाओं को अपने सपने साकार करने के लिए प्रेरित किया। रिलैक्सो के सीएसआर प्रमुख गंभीर अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना और उनके सर्वांगीण विकास के लिए समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें- हरिद्वार में प्रेमी के साथ गई पत्नी तो मोबाइल टावर पर चढ़ गया नाराज़ पति

यह भी पढ़ें- हरिद्वार में धामी कैबिनेट की बैठक संपन्न, लिए गए ये 10 महत्वपूर्ण फैसले, समूग `ग` के पदों पर होगी अग्निवीर की सीधी भर्ती